एक्शन मोड में CM विजय, मंदिर-मस्जिद, स्कूल और बस स्टैंड के पास की 717 शराब दुकानें बंद करने का आदेश
12 मई 2026 | चेन्नई
तमिलनाडु में नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री जोसेफ विजय एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री पद संभालने के कुछ ही घंटों के भीतर उन्होंने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए राज्यभर में मंदिरों, मस्जिदों, चर्चों, स्कूलों, कॉलेजों और बस स्टैंड के 500 मीटर दायरे में संचालित TASMAC शराब दुकानों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अगले दो सप्ताह के भीतर इन दुकानों को पूरी तरह बंद किया जाए।
राज्य में बंद होंगी 717 शराब दुकानें
तमिलनाडु सरकार के अनुसार राज्य में फिलहाल TASMAC की कुल 4,765 शराब दुकानें संचालित हैं। इनमें से 717 दुकानों को बंद करने के लिए चिन्हित किया गया है। बंद होने वाली दुकानों में 276 दुकानें पूजा स्थलों के पास, 186 शिक्षण संस्थानों के नजदीक और 255 बस स्टैंड के आसपास स्थित हैं। नई सरकार इस फैसले को सामाजिक सुधार और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ा बड़ा कदम बता रही है।
200 यूनिट फ्री बिजली और महिला सुरक्षा पर भी फैसला
मुख्यमंत्री विजय ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को भी मंजूरी दी है। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा बल के गठन और राज्य के हर जिले में एंटी-ड्रग यूनिट स्थापित करने का फैसला लिया गया है। सरकार का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने और महिलाओं की सुरक्षा मजबूत करने के लिए ये कदम जरूरी हैं।
DMK सरकार पर आर्थिक बदहाली का आरोप
शपथ ग्रहण के बाद अपने पहले संबोधन में मुख्यमंत्री विजय ने पिछली DMK सरकार पर राज्य की आर्थिक स्थिति खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने घोषणा की कि 2021 से 2026 तक की वित्तीय स्थिति पर एक ‘श्वेत पत्र’ जारी किया जाएगा। विजय ने दावा किया कि तमिलनाडु पर 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज हो चुका है और सरकारी खजाना लगभग खाली हो गया है।
गठबंधन सरकार के साथ सत्ता में आई TVK
बता दें कि अभिनेता से नेता बने 51 वर्षीय जोसेफ विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (TVK) ने विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। हालांकि पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला, जिसके बाद कांग्रेस, वामपंथी दलों, VCK और मुस्लिम लीग के समर्थन से सरकार बनाई गई। यह TVK की पहली सरकार है।
Hindi 













































































































































































































































































































































































































































































































































































































