# Tags
#All #राजनीति #राज्य

PM मोदी की अपील के विरोध पर CM साय का कांग्रेस पर हमला, बोले- हर अच्छी पहल का विरोध करती है कांग्रेस

14 मई 2026 | रायपुर

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील पर उठे राजनीतिक विवाद के बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। नई दिल्ली रवाना होने से पहले रायपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस हर मुद्दे पर असहयोग की राजनीति करती है और देशहित में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए गए हर अच्छे कार्य का विरोध करती है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण वैश्विक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण बनी हुई हैं, ऐसे में प्रधानमंत्री ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने का आह्वान किया है और राज्य सरकार भी उस दिशा में कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर दी है और संसाधनों के संयमित उपयोग की दिशा में काम किया जा रहा है।

दिल्ली में अमित शाह से करेंगे मुलाकात

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी दिल्ली दौरे पर हैं। दोनों नेता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। इस दौरान बस्तर में चलाए जा रहे स्वास्थ्य और विकास अभियानों की जानकारी भी केंद्र सरकार को दी जाएगी।

“बस्तर में चल रहा स्वास्थ्य और विकास अभियान”

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बस्तर क्षेत्र में “मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान” और अन्य योजनाओं के माध्यम से लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का काम कर रही है। साथ ही पात्र लोगों के कार्ड बनवाने और योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

MSP बढ़ाने पर केंद्र सरकार का जताया आभार

फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी के फैसले पर मुख्यमंत्री साय ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि धान समेत कई फसलों का MSP बढ़ने से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *