पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों पर प्रशासन अलर्ट, मुंगेली कलेक्टर बोले- घबराने की जरूरत नहीं, सप्लाई पूरी तरह सामान्य
16 मई 2026 | मुंगेली
छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में पेट्रोल पंपों पर अचानक बढ़ी भीड़ और ईंधन खत्म होने की अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है। अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के कारण बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे कई जगहों पर भीड़ की स्थिति बन गई। इसे देखते हुए कलेक्टर कुंदन कुमार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और आवश्यकता अनुसार ही ईंधन खरीदें।
पेट्रोल पंप संचालकों के साथ कलेक्टर ने की समीक्षा बैठक
कलेक्टर कुंदन कुमार ने जिला कलेक्ट्रेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक लेकर पूरे हालात की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार जिले के सभी पेट्रोल पंपों की मॉनिटरिंग कर रहा है और ईंधन की सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने दी जाए।
कालाबाजारी और अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि कालाबाजारी, जमाखोरी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से गलत जानकारी फैलाकर लोगों में भ्रम पैदा करने वालों पर नजर रखी जा रही है।
एम्बुलेंस और जरूरी सेवाओं को प्राथमिकता
प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि एम्बुलेंस, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग भी की जा रही है।
अधिकारियों के नंबर किए गए सार्वजनिक
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारी, फूड इंस्पेक्टर और पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही सभी पेट्रोल पंपों पर संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर चस्पा किए गए हैं, ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में लोग सीधे प्रशासन से संपर्क कर सकें।
Hindi 


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































