विदेश यात्रा पर टैक्स लगाने की खबरों को PM मोदी ने बताया झूठ, बोले- ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं
16 मई 2026 | नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेश यात्रा पर टैक्स या अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने की खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि “यह सरासर झूठ है और इसमें जरा भी सच्चाई नहीं है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से विदेशी यात्राओं पर किसी प्रकार का प्रतिबंध, टैक्स, सेस या सरचार्ज लगाने पर कोई विचार नहीं किया जा रहा है।
PM मोदी ने खुद दी सफाई
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में कहा कि विदेशी यात्रा पर किसी तरह का अतिरिक्त बोझ डालने का कोई सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि सरकार ‘Ease of Doing Business’ और ‘Ease of Living’ को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और आम लोगों पर अनावश्यक आर्थिक दबाव डालने की कोई योजना नहीं है।
मीडिया रिपोर्ट में किया गया था बड़ा दावा
दरअसल, एक समाचार चैनल की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि पश्चिम एशिया में जारी संकट और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण केंद्र सरकार विदेश यात्रा पर टैक्स लगाने पर विचार कर रही है। रिपोर्ट में कहा गया था कि सरकार विदेश यात्रा पर टैक्स, सेस या सरचार्ज लगाने का अस्थायी प्रस्ताव ला सकती है।
तेल संकट और बढ़ती लागत का दिया गया था हवाला
रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि कच्चे तेल की कीमतों में उछाल, आयात लागत और युद्ध से पैदा हुए आर्थिक दबाव को देखते हुए यह टैक्स एक साल के लिए लागू किया जा सकता है। दावा किया गया था कि इससे मिलने वाली राशि सीधे केंद्र सरकार के खाते में जाएगी। हालांकि उस समय वित्त मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया था।
PM मोदी ने कहा- लोगों की सुविधा हमारी प्राथमिकता
प्रधानमंत्री मोदी ने इन सभी अटकलों को खारिज करते हुए साफ कर दिया कि सरकार लोगों की सुविधा और आर्थिक राहत को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि ऐसी भ्रामक खबरें फैलाकर लोगों में भ्रम पैदा किया जा रहा है।
Hindi 


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































