रायपुर,23 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देर रात मरीन ड्राइव पर मारपीट का मामला सामने आया है। वीआईपी रोड स्थित एक क्लब से शुरू हुआ विवाद रात करीब तीन बजे मरीन ड्राइव तक पहुंच गया। यहां 20 वर्षीय मेकअप आर्टिस्ट एन ऐश्वर्या के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। मामले में तेलीबांधा थाना पुलिस ने नवया ओझा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

15 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद

पीड़िता एन ऐश्वर्या अवंति विहार स्थित अनमोल फ्लैट में रहती है और पेशे से मेकअप आर्टिस्ट है। शिकायत के मुताबिक, वीआईपी रोड स्थित एक क्लब में हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश बढ़ गई थी। इसी मामले को लेकर 19 नवंबर की रात करीब 3:13 बजे नवया ओझा ने ऐश्वर्या के मौसेरे भाई सौरभ दास गुप्ता को फोन कर मरीन ड्राइव के पास बुलाया।

इसके बाद ऐश्वर्या अपने मुंहबोले भाई सैफ नवाज और दोस्त अजय शर्मा तथा मौसमी बैरागी के साथ मौके पर पहुंची।

बाल खींचकर मारपीट करने का आरोप

पीड़िता के अनुसार, मरीन ड्राइव पहुंचते ही नवया ओझा ने उस पर अपने भाई सोहेल शेख से 15 लाख रुपये लेने और उसकी जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाया। इस बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

ऐश्वर्या का आरोप है कि नवया ने खुद को वकील बताते हुए रौब दिखाया और कहा कि वह जो चाहे कर सकती है। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए बाल पकड़कर हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। झूमाझटकी के दौरान ऐश्वर्या के गले में पहनी सोने की चेन भी कहीं गिर गई, जबकि उसकी कमर में चोट आई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, CCTV फुटेज की जांच जारी

पीड़िता की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी नवया ओझा के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और मानहानि से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts