केरल में वीडी सतीशन ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, राहुल गांधी-प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे मौजूद
18 मई 2026 | तिरुवनंतपुरम
केरल में नई सरकार के गठन के साथ कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के कई बड़े नेता शामिल हुए। समारोह में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से बेहद अहम बना दिया। केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने वीडी सतीशन को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
20 विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ
नई सरकार में कुल 20 विधायक मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। कांग्रेस नेतृत्व ने कई दौर की बैठकों और गठबंधन सहयोगियों से चर्चा के बाद वीडी सतीशन को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि उनकी अगुवाई में कांग्रेस केरल में संगठन और सरकार दोनों को नई दिशा देने की कोशिश करेगी।
विपक्ष के मजबूत चेहरे से CM तक का सफर
वीडी सतीशन लंबे समय से केरल की राजनीति में सक्रिय और प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। वह 2021 से विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे थे और राज्य सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख के कारण उनकी पहचान एक मजबूत विपक्षी नेता के तौर पर बनी। पार्टी नेतृत्व ने संगठन पर उनकी पकड़ और चुनाव में सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन पर भरोसा जताया।
समर्थकों में जश्न का माहौल
वीडी सतीशन के मुख्यमंत्री बनने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया। तिरुवनंतपुरम समेत कई जिलों में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और इसे केरल की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
Hindi 












































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































