# Tags
#All #खेल #राष्ट्रीय

जून में टीम इंडिया का फुल क्रिकेट पैक्ड शेड्यूल, टेस्ट, वनडे और टी20 के कुल 6 इंटरनेशनल मुकाबले खेलेगी भारत

team india 6 ap 1779701562 (1)

25 मई 2026 | नई दिल्ली

टीम इंडिया जून 2026 में लगातार इंटरनेशनल क्रिकेट खेलती नजर आएगी। खास बात यह है कि भारतीय टीम अगले महीने टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों फॉर्मेट में मैदान पर उतरेगी। जून महीने में भारत कुल 6 इंटरनेशनल मुकाबले खेलेगा, जिसकी शुरुआत 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच से होगी। क्रिकेट फैंस को पूरे महीने अलग-अलग फॉर्मेट का रोमांच देखने को मिलेगा, वहीं कई खिलाड़ियों के लिए यह प्रदर्शन साबित करने का बड़ा मौका भी होगा।

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज

भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा। हालांकि यह मुकाबला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है, लेकिन टीम इंडिया इसे जीतकर आत्मविश्वास हासिल करना चाहेगी। यह मैच 10 जून तक चल सकता है। इसके बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। पहला वनडे 14 जून, दूसरा 17 जून और तीसरा मुकाबला 20 जून को होगा।

इस वनडे सीरीज को अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। रोहित शर्मा और विराट कोहली को भी टीम में शामिल किया गया है। हालांकि रोहित शर्मा की फिटनेस पर अभी नजर बनी हुई है, जबकि विराट कोहली के खेलने की संभावना लगभग तय मानी जा रही है।

जून के अंत में आयरलैंड दौरा

अफगानिस्तान सीरीज के बाद टीम इंडिया आयरलैंड दौरे पर जाएगी, जहां दो टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहला टी20 मैच 26 जून और दूसरा 28 जून को होगा। इस सीरीज में युवा खिलाड़ियों को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर रवाना होगी, जहां जुलाई में मुकाबले खेले जाएंगे।

खिलाड़ियों की होगी अग्निपरीक्षा

लगातार क्रिकेट के इस व्यस्त कार्यक्रम में सभी फॉर्मेट के खिलाड़ी मैदान में दिखाई देंगे। जहां सीनियर खिलाड़ी अपनी फॉर्म और फिटनेस साबित करने की कोशिश करेंगे, वहीं युवा खिलाड़ियों के लिए भी यह बड़ा अवसर माना जा रहा है। जून का महीना भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए पूरी तरह क्रिकेट के रोमांच से भरा रहने वाला है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *