# Tags
#राज्य

सुशासन तिहार की फटकार के बाद कार्रवाई, MCB के DEO आरपी मिरे हटाए गए

susasan tihar

मनेंद्रगढ़, 11 जून 2026

छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से राज्यभर में जिला शिक्षा अधिकारियों और प्राचार्यों के प्रभार में व्यापक फेरबदल किया है। जारी आदेश में सबसे चर्चित कार्रवाई मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में देखने को मिली, जहां जिला शिक्षा अधिकारी आरपी मिरे को पद से हटा दिया गया है।

जानकारी के अनुसार हाल ही में घोषित कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में MCB जिला प्रदेश में सबसे निचले पायदान पर रहा था। जिले के कमजोर शैक्षणिक प्रदर्शन को लेकर शासन स्तर पर नाराजगी जताई जा रही थी।

इसके अलावा, सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चिरमिरी में आयोजित समीक्षा बैठक में शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए तत्कालीन DEO आरपी मिरे को फटकार लगाई थी। माना जा रहा है कि खराब प्रदर्शन और मुख्यमंत्री की नाराजगी का असर इस तबादला आदेश में दिखाई दिया है।

शासन ने आरपी मिरे को हटाकर लोक शिक्षण संचालनालय के विकल्प पर रखा है। वहीं जिले की शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की जिम्मेदारी अब रविकांत यादव को सौंपी गई है। उन्हें तत्काल प्रभाव से MCB जिले का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।

रविकांत यादव के सामने जिले की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने और आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने की चुनौती होगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *