# Tags
#राज्य

रायपुर MG रोड ऑटोमोबाइल शोरूम में भीषण आग, टायर-ट्यूब और ज्वलनशील सामग्री से भड़की आग, दीवार तोड़कर अंदर पहुंची फायर ब्रिगेड

whatsapp image 2026 06 11 at 133551 1781165385

रायपुर, 11 जून 2026

राजधानी रायपुर के MG Road स्थित जया ऑटोमोबाइल शोरूम में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के कुछ ही मिनटों में लपटें पूरे भवन में फैल गईं और देखते ही देखते यह दूसरी और तीसरी मंजिल तक पहुंच गई। घटना मौदहापारा थाना क्षेत्र की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 10 बजे शोरूम खुलने के कुछ ही समय बाद अंदर से घना धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। शुरुआती जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

शोरूम के अंदर बड़ी मात्रा में टायर, ट्यूब, प्लास्टिक पार्ट्स और लुब्रिकेंट (ज्वलनशील तेल) मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में पूरा परिसर आग की चपेट में आ गया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दमकलकर्मियों को बगल की दुकान की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य तेज किया गया।

घटना के बाद MG Road क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की दुकानों को बंद कराया गया और बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद कर दी गई। पुलिस ने पूरे इलाके में बैरिकेड्स लगाकर यातायात रोक दिया है ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए।

फिलहाल आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है और नुकसान का आकलन बाद में किया जाएगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *