तेज बारिश में नाले में गिरा युवक, पुलिस की मुस्तैदी से बची जान
रायपुर, 12 जून 2026
राजधानी रायपुर में गुरुवार रात हुई तेज आंधी-बारिश के बीच एक बड़ा हादसा टल गया। गहरे नाले में गिर चुके एक युवक को गंज थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने समय रहते बचाकर उसकी जान बचा ली। पुलिस की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई की अब हर ओर सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, तेज बारिश और बिजली गुल होने के कारण चारों तरफ अंधेरा छाया हुआ था। इसी दौरान एक युवक गहरे नाले में गिर गया। खराब मौसम और अंधेरे के कारण उसके बचने की उम्मीद बेहद कम थी।
इसी बीच क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस पेट्रोलिंग टीम की नजर युवक पर पड़ी। युवक को संकट में देखकर पुलिसकर्मी बिना देर किए नाले की ओर दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
झारखंड का रहने वाला है युवक
नाले से बाहर निकालने के बाद पेट्रोलिंग टीम में शामिल आरक्षक जितेंद्र साहू और जितेश मांझी ने युवक से उसकी पहचान पूछी। युवक ने अपना नाम श्रावण कुमार भगत बताया, जो झारखंड के गुमला जिले का निवासी है। हालांकि वह रायपुर में कहां रह रहा था, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका।
सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया
पुलिस टीम ने युवक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उसकी स्थिति का ध्यान रखा। विभागीय अधिकारियों ने भी पुलिसकर्मियों की तत्परता और मानवता भरे इस कार्य की सराहना की है।
बारिश और खराब मौसम के बीच पुलिस की इस बहादुरी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सतर्कता और त्वरित कार्रवाई कई बार किसी की जिंदगी बचा सकती है।
Hindi 



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































