सुकमा, 20 जुलाई 2026
सुकमा जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल की है। जिला प्रशासन द्वारा संचालित निःशुल्क ‘क्षितिज’ JEE-NEET कोचिंग सेंटर के 32 विद्यार्थियों ने NEET-UG 2026 की क्वालिफाइंग कटऑफ पार कर जिले का गौरव बढ़ाया है। इनमें से 13 विद्यार्थियों के शासकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस में प्रवेश की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
आदिवासी और ग्रामीण परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी आसान नहीं थी। ऐसे में ‘क्षितिज’ कोचिंग सेंटर ने उन्हें निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण कोचिंग, विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन और नियमित परीक्षा तैयारी का अवसर उपलब्ध कराया। विद्यार्थियों ने कड़ी मेहनत और शिक्षकों के सहयोग से यह सफलता अर्जित की।
इस उपलब्धि पर वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
यह सफलता कलेक्टर अमित कुमार के नेतृत्व तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर और जिला शिक्षा अधिकारी जी. आर. मण्डावी के मार्गदर्शन में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। वहीं ‘कैंप एकेडमी’ के अनुभवी शिक्षकों सूरज सिंह, सोनम सिंह, निधि चौहान और रजनीश पटेल ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा के लिए व्यवस्थित रूप से तैयार किया।
‘क्षितिज’ कोचिंग सेंटर के विद्यार्थियों की इस सफलता से जिले के अन्य छात्रों में भी उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति उत्साह बढ़ा है। इस उपलब्धि ने साबित किया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने NEET-UG 2026 में सफल सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि ‘क्षितिज’ कोचिंग सेंटर की यह सफलता सुकमा में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलाव और युवाओं के बेहतर भविष्य की दिशा में एक प्रेरणादायक उपलब्धि है।


