रायपुर, 20 जुलाई 2026

स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन 20 जुलाई को दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जामगांव (एम) में किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं अन्य अतिथि विद्यालय में पहली बार प्रवेश लेने वाले बच्चों का तिलक लगाकर तथा मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत करेंगे। शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाना, विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और शिक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।

समारोह में दुर्ग सांसद विजय बघेल, पाटन विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर, अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव, साजा विधायक ईश्वर साहू, छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय तथा तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू भी मौजूद रहेंगे।

इसके अलावा जिला पंचायत दुर्ग की अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक, जिला पंचायत सदस्य नीलम चन्द्राकर, जनपद सदस्य संतोषी ठाकुर तथा ग्राम पंचायत जामगांव (एम) की सरपंच तुलसी सिन्हा सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल होंगे।

स्कूल शिक्षा विभाग ने बताया कि राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभाग ने अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर नवप्रवेशी बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts