रायपुर, 20 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की 38वीं संचालक मंडल बैठक सोमवार को रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड मुख्यालय में आयोजित हुई। बैठक में पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास, वर्तमान योजनाओं की समीक्षा, नई पर्यटन पहलों तथा आगामी गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में लिए गए निर्णयों को प्रदेश के पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।

बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने की। इस अवसर पर पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, प्रबंध संचालक विवेक आचार्य, अवर सचिव रुचि शर्मा, उपमहाप्रबंधक पूनम शर्मा, संस्कृति विभाग के संचालक संजय कन्नौजे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और संचालक मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधारोपण अभियान से हुई। इस दौरान अधिकारियों और सदस्यों ने हरित पहल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए पौधे भेंट किए।

बैठक में पर्यटन मंडल द्वारा संचालित योजनाओं और विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। परियोजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन, पर्यटन अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार तथा प्रमुख पर्यटन स्थलों को अधिक आकर्षक और सुविधायुक्त बनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

इसके साथ ही आगामी पर्यटन कार्यक्रमों, प्रचार-प्रसार गतिविधियों, निवेश की संभावनाओं तथा पर्यटन को रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई।

बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और जनजातीय पर्यटन विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही पर्यटन स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, पर्यटक अनुभव को बेहतर बनाने और स्थानीय समुदाय की सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

संचालक मंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि बैठक में लिए गए निर्णयों से छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी आएगी और प्रदेश देश के प्रमुख पर्यटन राज्यों में अपनी विशिष्ट पहचान को और अधिक मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts