रायपुर,23 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हिट एंड रन का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के कचना के पास सड़क पर खड़ी गाय से टकराकर दो बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने दोनों को कुचल दिया और चालक मौके से फरार हो गया।

इस हादसे में 23 वर्षीय करण नायक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी रोशन जगत गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, लेकिन घटना के कई दिन बाद भी आरोपी कार चालक की पहचान नहीं हो सकी है।

मृतक करण नायक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसने दो साल पहले प्रेम विवाह किया था और उसकी पत्नी नंदिनी सात महीने की गर्भवती हैं। पति की मौत के बाद नंदिनी गहरे सदमे में हैं और परिवार के अनुसार उन्होंने ठीक से खाना-पीना भी छोड़ दिया है।

करण की मां बेलो नायक का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। घर में करण की एक भी तस्वीर नहीं थी। बाद में उसके एक दोस्त के मोबाइल में मिली फोटो देखकर मां भावुक हो गईं और कहा, “बेटा… इस फोटो को कभी डिलीट मत करना।”

परिजनों का आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपी वाहन चालक तक नहीं पहुंच सकी है। न्याय की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने के बाहर प्रदर्शन भी किया।

खम्हारडीह थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान होते ही उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts