दुर्ग,23 जुलाई 2026

भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू रोड पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई, जिससे वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुआ। कार सेक्टर-9 से सेक्टर-6 की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और भिलाई नगर थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान 23 वर्षीय दीपक गुप्ता और 15 वर्षीय कौशिक दास के रूप में हुई है। दोनों भिलाई के सेक्टर-6 के निवासी थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए, जिससे परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। वहीं, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts