रायपुर, 26 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश और जलभराव से उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर संभाग सहित प्रदेश के प्रभावित जिलों के कलेक्टरों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री साय ने निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास बसे गांवों एवं बस्तियों की लगातार निगरानी करने को कहा है। जलस्तर बढ़ने या बाढ़ की आशंका होने पर लोगों को समय रहते सचेत किया जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।
आगामी बारिश को देखते हुए प्रशासन अलर्ट
आगामी दिनों में लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राहत एवं बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रखने को कहा।
जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय, पंचायत और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
भोजन, पेयजल और दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों के लिए आवश्यकता के अनुसार सुरक्षित आश्रय, भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने जलभराव वाले मार्गों, पुल-पुलियों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में आवागमन को लेकर विशेष सावधानी बरतने तथा जोखिम वाले स्थानों पर लोगों को जाने से रोकने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य शासन बाढ़ और जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने जिला कलेक्टरों से मैदानी अमले को सक्रिय रखने और स्थानीय स्तर से मिलने वाली प्रत्येक सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
प्रदेशवासियों से सावधानी बरतने की अपील
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से अपील की कि अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों, उफनते नदी-नालों और तेज बहाव वाले स्थानों पर न जाएं। उन्होंने नागरिकों से जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


