रायपुर, 24 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए सरकार, पुलिस, न्यायपालिका और सामाजिक संगठनों के साथ पूरे समाज को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। इन बुराइयों के खिलाफ सामूहिक संकल्प लेकर इसे जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यशाला में न्यायपालिका, पुलिस, विश्वविद्यालयों, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यहां प्राप्त सुझाव महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मददगार होंगे।

मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति में नारी सम्मान की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि शास्त्रों में कहा गया है, ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’। अर्थात जहां महिलाओं का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है।

मानव तस्करी रोकने के लिए जागरूकता और सतर्कता जरूरी

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने गृह जिले जशपुर का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय वहां मानव तस्करी की समस्या गंभीर थी। सरकार, पुलिस, महिला आयोग और सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से इस समस्या में कमी आई है।

उन्होंने कहा कि मानव तस्करी के कई मामलों में परिचित व्यक्ति ही नौकरी और बेहतर भविष्य का प्रलोभन देकर बेटियों को अपने जाल में फंसा लेते हैं। ऐसे अपराधों की रोकथाम के लिए परिवारों और समाज में जागरूकता एवं सतर्कता बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे पिछले 30-35 वर्षों से जनसेवा में सक्रिय हैं। लगभग 20 वर्षों तक सांसद के रूप में दिल्ली में रहने के दौरान उनके सामने मानव तस्करी के कई मामले आए। उन्होंने आवश्यक पहल करते हुए कई बेटियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि इन अनुभवों ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान से बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ी है। इसी भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

प्रदेश में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित

मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं की सहायता और सुरक्षा के लिए प्रदेश में वर्तमान में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं। इन केंद्रों में हिंसा से पीड़ित महिलाओं को एक ही स्थान पर चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श, मनोवैज्ञानिक सहयोग और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

महिलाओं और बेटियों की सहायता के लिए 24 घंटे महिला हेल्पलाइन नंबर 181 तथा आपातकालीन सहायता के लिए डायल 112 की सुविधा उपलब्ध है। महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए महिला थानों की संख्या बढ़ाई गई है और पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ पुलिस के अभिव्यक्ति ऐप के माध्यम से महिलाएं अपनी शिकायतें दर्ज कराने के साथ सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्राप्त कर सकती हैं।

महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ उनका आर्थिक सशक्तिकरण भी सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में महतारी वंदन योजना संचालित की जा रही है। योजना की अब तक 33 किश्तें जारी की जा चुकी हैं और वर्तमान में 68 लाख से अधिक माताएं-बहनें इसका लाभ प्राप्त कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता उनके लिए बड़ा संबल साबित हो रही है। इस राशि से महिलाएं अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी योगदान दे रही हैं।

कई महिलाएं इस सहायता राशि का उपयोग कर सिलाई-कढ़ाई, सब्जी दुकान और अन्य छोटे व्यवसाय शुरू कर रही हैं। इससे उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए लखपति दीदी अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रशिक्षण, आजीविका संवर्धन और स्वरोजगार के अवसरों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

कार्यशाला के सुझावों को धरातल पर उतारने पर जोर

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए शासन-प्रशासन, पुलिस, न्यायपालिका, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को टीम भावना के साथ काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि कार्यशाला की वास्तविक सफलता तभी होगी, जब यहां हुए विचार-विमर्श और प्राप्त सुझावों को धरातल पर उतारा जाएगा। सभी के सामूहिक प्रयासों से महिलाओं और बेटियों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण तैयार किया जा सकता है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, आयोग की सदस्य श्रीमती ओजस्वी मंडावी एवं सुश्री दीपिका सोरी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस विभाग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts