रायपुर, 25 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूरे प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया कि भारी बारिश के कारण कहीं भी किसी प्रकार की आवश्यकता उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
नदी-नालों और जलप्रपातों से दूर रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भारी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से नदी-नालों, जलप्रपातों और उफनते जलस्रोतों के पास नहीं जाने को कहा है, क्योंकि पानी का बहाव अचानक बढ़ सकता है।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जलमग्न पुल-पुलियों और सड़कों को पार करने का प्रयास न करें। जिन स्थानों पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरियर लगाए गए हैं, वहां प्रशासन के निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए।
अनावश्यक यात्रा से बचें, बिजली के तारों से रहें दूर
मुख्यमंत्री ने भारी बारिश के दौरान बिना आवश्यकता यात्रा से बचने और विशेष रूप से रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों को गिरे हुए बिजली के तारों और विद्युत संबंधी खतरों से दूर रहने तथा इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग, स्थानीय प्रशासन या पुलिस को देने को कहा है।
उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए अभिभावकों से बच्चों को अकेले बाहर नहीं जाने देने को कहा है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों और भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों पर भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
आपात स्थिति में डायल 112 पर करें संपर्क
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 अथवा स्थानीय प्रशासन से तत्काल संपर्क किया जाए। मौसम और राहत संबंधी जानकारी के लिए नागरिक केवल शासन-प्रशासन और अधिकृत स्रोतों से जारी सूचनाओं पर भरोसा करें तथा अफवाहों और भ्रामक संदेशों को आगे न बढ़ाएं।
उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में सतर्कता, संयम और परस्पर सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। आसपास किसी व्यक्ति को सहायता की आवश्यकता होने पर यथासंभव मदद करें और जरूरत पड़ने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें।


