बस्तर,27 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के बस्तर की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ी ममता पाण्डेय ने प्रदेश का मान बढ़ाया है। जगदलपुर की रहने वाली ममता का चयन 21वीं सीनियर विश्व पेंचक सिलाट चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह प्रतियोगिता 5 से 12 दिसंबर 2026 तक उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में आयोजित होगी। यहां ममता सीनियर महिला हेवी वेट ओपन-2 टेंडिंग यानी फाइट स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
व्यायाम शिक्षिका के साथ राष्ट्रीय खिलाड़ी और प्रशिक्षक भी हैं ममता
ममता पाण्डेय वर्तमान में सेजस किलेपाल में व्यायाम शिक्षिका के पद पर पदस्थ हैं। वह राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी होने के साथ-साथ प्रशिक्षक और निर्णायक की भूमिका भी निभा रही हैं। खेल के क्षेत्र में उनके शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।
ममता ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अब तक एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। हाल ही में बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता और शिलांग में हुई राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने विश्व चैंपियनशिप के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की थी।
क्या है पेंचक सिलाट खेल?
ममता के अनुसार, पेंचक सिलाट इंडोनेशिया की पारंपरिक मार्शल आर्ट विधा है। इस खेल में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ रोजगार और सरकारी प्रोत्साहन के अवसर भी मिलते हैं। SSB, ITBP और पुलिस गेम्स जैसी प्रतियोगिताओं में भी इस खेल के खिलाड़ियों को भागीदारी का अवसर मिलता है।
ममता खुद इस खेल में आगे बढ़ने के साथ-साथ बस्तर की अन्य प्रतिभाओं, विशेषकर महिला खिलाड़ियों को भी पेंचक सिलाट से जोड़ने और उन्हें बेहतर मंच दिलाने का प्रयास कर रही हैं।
बस्तर के लिए गौरव की उपलब्धि
ममता पाण्डेय का विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन पूरे बस्तर जिले और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। अब सभी की निगाहें उज्बेकिस्तान में होने वाली प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां ममता अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए देश का तिरंगा बुलंद करने उतरेंगी।


