रायपुर, 27 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाभियान जारी है। प्रदेश में 26 नवंबर तक 4 लाख 43 हजार 888 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। अब तक 91 हजार 614 किसान समर्थन मूल्य पर अपना धान बेच चुके हैं। वहीं, 26 नवंबर को एक ही दिन में 82 हजार 746 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई।
राज्य में धान खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए सभी उपार्जन केंद्रों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर खरीदी केंद्रों में शुद्ध पेयजल, किसानों के बैठने और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है। इन सुविधाओं के चलते किसान सहजता से अपनी उपज बेच रहे हैं।
2,590 केंद्रों में हो रही धान की आवक
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। वर्तमान में कुल 2,590 धान खरीदी केंद्रों में धान की आवक शुरू हो गई है। चालू खरीफ विपणन वर्ष के लिए प्रदेश में 28 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है।
टोकन तुंहर हाथ एप से घर बैठे मिल रहा टोकन
धान खरीदी के लिए लागू ऑनलाइन टोकन प्रणाली का किसान व्यापक रूप से उपयोग कर रहे हैं। किसान ‘टोकन तुंहर हाथ’ एप के माध्यम से घर बैठे ही धान बेचने की तारीख के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे खरीदी केंद्रों में अनावश्यक भीड़ और किसानों की परेशानी कम करने में मदद मिल रही है।
3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हो रही खरीदी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी के दौरान किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से बनी रहें।
राज्य सरकार का कहना है कि धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और किसान हितैषी बनाया गया है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल सके।


