रायपुर, 28 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा हमारी संस्कृति, अस्मिता और स्वाभिमान की पहचान है। इसमें हमारी माटी की सोंधी महक, पुरखों के संस्कार और छत्तीसगढ़ की आत्मीयता रची-बसी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा हमारी सांस्कृतिक विरासत और स्वाभिमान का प्रतीक है। हमारे लोकगीतों, लोककथाओं, तीज-त्योहारों और परंपराओं में छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास और आत्मीयता स्पष्ट रूप से झलकती है। यह भाषा पीढ़ियों से हमारी संस्कृति और जीवन मूल्यों को सहेजते हुए हमें अपनी जड़ों से जोड़े हुए है।
उन्होंने कहा कि किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके अधिकाधिक उपयोग और नई पीढ़ी से जुड़ाव में निहित होती है। हमें अपनी मातृभाषा पर गर्व करने के साथ ही इसे दैनिक व्यवहार, साहित्य, शिक्षा और रचनात्मक अभिव्यक्ति में अधिक से अधिक स्थान देना चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर सभी अपनी मातृभाषा के मान-सम्मान को बढ़ाने तथा इसके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक अक्षुण्ण रखा जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ी भाषा के व्यापक उपयोग को बढ़ावा देने और इसे नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए सभी प्रदेशवासियों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।


