बिलासपुर,28 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को दो सप्ताह के भीतर आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समयसीमा में नियुक्ति नहीं होने पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस कृष्णराम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच में हुई। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से कोर्ट को बताया गया कि CGPSC के नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और अगले दो सप्ताह के भीतर नियुक्ति पूरी कर ली जाएगी।
कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त करने का भी उठा मुद्दा
सुनवाई के दौरान मनोचिकित्सक विशेषज्ञों के पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू में हो रही देरी का मुद्दा भी सामने आया। याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई कि यदि नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति में समय लग रहा है, तो भर्ती प्रक्रिया प्रभावित होने से बचाने के लिए कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति की जा सकती है। इससे लंबित इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कराई जा सकेगी और भर्ती में अनावश्यक देरी नहीं होगी।
पहले भी हाईकोर्ट ने दिया था 10 दिन का समय
इससे पहले 26 अक्टूबर 2026 को हुई सुनवाई में हाईकोर्ट ने आयोग और राज्य सरकार को 10 दिन का समय दिया था। कोर्ट ने अध्यक्ष या कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त कर इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद नियुक्ति को लेकर ठोस प्रगति नहीं होने पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जाहिर की।
14 दिसंबर को पेश करनी होगी प्रगति रिपोर्ट
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और CGPSC को निर्देश दिया है कि वे 14 दिसंबर 2026 को अगली सुनवाई के दौरान नियुक्ति की प्रगति रिपोर्ट पेश करें। कोर्ट ने उम्मीद जताई है कि अगली सुनवाई तक आयोग को नियमित या कार्यवाहक अध्यक्ष मिल जाएगा। निर्धारित समय में नियुक्ति नहीं होने पर कोर्ट ने सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सुनवाई के दौरान CGPSC की ओर से कुछ दस्तावेज भी पेश किए गए, जिन्हें हाईकोर्ट ने रिकॉर्ड पर ले लिया। अब सभी की नजरें 14 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं।


