रायपुर,18 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को लेकर सरकार की पहल के तहत दिवंगत आरक्षक के परिवार को बड़ी राहत मिली है। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बुधवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में दिवंगत आरक्षक सोनवीर कुमार की पत्नी प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा राशि का चेक सौंपा। यह राशि बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत प्रदान की गई है।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दिवंगत आरक्षक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने सदस्य को खोने की क्षति अपूरणीय होती है। हालांकि, ऐसी कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा परिवार को आगे बढ़ने का संबल प्रदान करती है।

पुलिसकर्मियों के परिवारों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश के पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके परिवारों की सुरक्षा और कल्याण भी बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिसकर्मियों के वेतन खातों से जुड़ी बीमा सुविधाएं आकस्मिक परिस्थितियों में उनके आश्रित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही हैं।

उन्होंने बताया कि सैलरी पैकेज बीमा योजना का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में नगर सैनिकों और फायर फाइटर्स को भी इस योजना से जोड़ा गया है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में सेवाएं देने वाले जवानों और उनके परिवारों को भी बीमा सुरक्षा का लाभ मिल सके।

बीमा राशि के सुरक्षित निवेश के लिए भी मिलेगा मार्गदर्शन

उप मुख्यमंत्री ने बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीमा राशि प्राप्त करने वाले परिवार को इसके सुरक्षित निवेश और उचित वित्तीय प्रबंधन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह राशि परिवार की दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा और बच्चों के भविष्य के लिए उपयोगी साबित होनी चाहिए।

इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को दिवंगत आरक्षक के परिवार को शासन की ओर से मिलने वाली शेष सहायता और अन्य सुविधाएं भी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

गोली लगने की घटना में हुआ था आरक्षक का निधन

जानकारी के मुताबिक, स्वर्गीय सोनवीर कुमार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम के अंतर्गत कैंप घाघरा में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। उन्होंने पुलिस बल में 12 वर्षों से अधिक समय तक सेवाएं दी थीं। 22 दिसंबर 2025 को गोली लगने की घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था।

उनके निधन के बाद परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज योजना के तहत उनकी पत्नी एवं नामिनी प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा उनके पुत्र दिवेश कुमार को बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति भी दी जा चुकी है।

नगर सैनिकों और अग्निशमन कर्मियों को भी बीमा सुरक्षा

छत्तीसगढ़ पुलिस ने अपने अधिकारी-कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिए विभिन्न बैंकों के साथ सैलरी पैकेज संबंधी समझौते किए हैं। इसके तहत पात्र पुलिसकर्मियों को वेतन खाते के साथ बीमा सुरक्षा की सुविधा मिलती है। आकस्मिक मृत्यु या दुर्घटना की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार आश्रित परिवारों को बीमा सहायता दी जाती है।

इसी व्यवस्था के तहत अब नगर सैनिकों और फायर फाइटर्स को भी शामिल किया गया है। इससे पुलिस बल के साथ आपदा प्रबंधन, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं में काम करने वाले जवानों के परिवारों को भी आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।

बैंक ऑफ बड़ौदा अब तक पांच पुलिसकर्मियों के परिवारों को सैलरी पैकेज के तहत बीमा सहायता प्रदान कर चुका है। यह योजना कठिन परिस्थितियों में परिवारों को आर्थिक स्थिरता देने के साथ बच्चों की शिक्षा और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में भी मददगार साबित हो रही है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा, सीएएफ की 17वीं बटालियन के कमांडेंट कमलेश चंदेल, बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक दिवाकर प्रसाद सिंह, उप महाप्रबंधक प्रभाकर कुमार और सहायक महाप्रबंधक मधुसूदन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts