रायपुर, 14 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ के युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार प्रदेश के 30 शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) को आधुनिक एवं उद्योगोन्मुखी कौशल विकास केंद्रों के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रही है। प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड ITI (PM-SETU) योजना के तहत प्रदेश के छह क्लस्टरों में लगभग 1,446 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में मंत्रालय महानदी भवन में दुर्ग और बस्तर क्लस्टर के लिए क्रमशः भिलाई स्टील प्लांट (BSP) और NMDC लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल का उद्देश्य औद्योगिक प्रशिक्षण को उद्योगों की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ना और युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल से सशक्त बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। तेजी से बदलती तकनीक और औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुसार प्रशिक्षण देकर युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे।
प्रदेश के 30 ITI का होगा कायाकल्प
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई PM-SETU योजना के तहत देशभर के 1,000 शासकीय ITI को आधुनिक बनाने के लिए लगभग 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश का प्रावधान किया गया है।
छत्तीसगढ़ में इस योजना के अंतर्गत दुर्ग, कोरबा, सरगुजा, बस्तर, रायगढ़ और रायपुर सहित छह क्लस्टर चयनित किए गए हैं। इनमें छह हब ITI और 24 स्पोक ITI सहित कुल 30 संस्थानों का उन्नयन प्रस्तावित है।
प्रदेश के छह क्लस्टरों में पांच वर्षों के दौरान लगभग 1,446 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। प्रत्येक क्लस्टर के लिए करीब 241 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत हब ITI के लिए 81 करोड़ रुपये और प्रत्येक स्पोक ITI के लिए 40 करोड़ रुपये का प्रावधान है।
योजना में केंद्र सरकार, राज्य सरकार और उद्योग भागीदार की वित्तीय भागीदारी क्रमशः 50 प्रतिशत, 33 प्रतिशत और 17 प्रतिशत निर्धारित की गई है। इस राशि से आधुनिक मशीनें, तकनीकी उपकरण, प्रयोगशालाएं और प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
उद्योगों के साथ मजबूत होगी ITI की साझेदारी
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच मजबूत साझेदारी इस योजना की महत्वपूर्ण विशेषता है। उद्योगों की सीधी भागीदारी से युवाओं को उन तकनीकों और कार्यप्रणालियों का प्रशिक्षण मिलेगा, जिनका इस्तेमाल वास्तविक औद्योगिक इकाइयों में किया जाता है।
उन्होंने कहा कि उद्योगों की जरूरतों और युवाओं के कौशल के बीच की दूरी कम करना आवश्यक है। इसके लिए प्रशिक्षण पाठ्यक्रम, आधुनिक उपकरण और व्यावहारिक अनुभव को उद्योगों की मांग के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिससे प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ सकें।
दुर्ग क्लस्टर में भिलाई स्टील प्लांट बनेगा उद्योग भागीदार
PM-SETU योजना के अंतर्गत दुर्ग क्लस्टर में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) की इकाई भिलाई स्टील प्लांट (BSP) एंकर इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में सहभागी होगा।
इस क्लस्टर में शासकीय ITI दुर्ग को हब ITI बनाया जाएगा। वहीं शासकीय ITI भिलाई, महिला ITI भिलाई, राजनांदगांव और डौंडीलोहारा को स्पोक ITI के रूप में शामिल किया गया है।
भिलाई स्टील प्लांट के औद्योगिक अनुभव और विशेषज्ञता से विद्यार्थियों को आधुनिक मशीनों, तकनीकों और औद्योगिक कार्यप्रणाली के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री साय की उपस्थिति में BSP के साथ MoU संपन्न हुआ।
बस्तर के युवाओं को मिलेगा आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण
बस्तर क्लस्टर के लिए NMDC लिमिटेड एंकर इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में सहभागी होगा। इस क्लस्टर में शासकीय ITI बस्तर को हब ITI तथा जगदलपुर, गीदम, कोंडागांव और नारायणपुर के शासकीय ITI को स्पोक ITI के रूप में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर जैसे जनजातीय और दूरस्थ अंचलों के युवाओं तक गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। NMDC की भागीदारी से क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक औद्योगिक कौशल सीखने और स्थानीय तथा अन्य क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।
सरगुजा और कोरबा क्लस्टर में भी उद्योगों की भागीदारी
सरगुजा क्लस्टर के लिए साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने एंकर इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में सहभागिता की सहमति दी है। इस क्लस्टर के लिए टाटा IIS का चयन ऑपरेटिंग पार्टनर के रूप में किया गया है। MoU की प्रक्रिया और प्रारूप में आवश्यक संशोधन से संबंधित कार्यवाही जारी है।
इसी तरह कोरबा क्लस्टर के लिए NTPC कोरबा ने एंकर इंडस्ट्री पार्टनर बनने पर सहमति दी है। यहां ऑपरेटिंग पार्टनर के चयन की प्रक्रिया जारी है।
रायपुर और रायगढ़ क्लस्टर के लिए चयन प्रक्रिया जारी
रायपुर और रायगढ़ क्लस्टर के लिए एंकर इंडस्ट्री पार्टनर के चयन की प्रक्रिया भी चल रही है। इसके लिए राज्य के ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल के माध्यम से निविदाएं जारी की गई हैं।
रायपुर क्लस्टर के संबंध में हीरा ग्रुप से प्राप्त प्रश्नों का निराकरण किया जा चुका है। वहीं रायगढ़ क्लस्टर के लिए NTPC लारा से संपर्क कर योजना में भागीदारी और क्रियान्वयन को लेकर प्रारंभिक चर्चा की जा रही है।
हब-स्पोक मॉडल से बनेगा आधुनिक कौशल प्रशिक्षण नेटवर्क
PM-SETU योजना के तहत छह हब और 24 स्पोक ITI के माध्यम से आधुनिक कौशल प्रशिक्षण नेटवर्क विकसित किया जाएगा। हब ITI को उन्नत प्रशिक्षण और तकनीकी संसाधनों के प्रमुख केंद्र के रूप में तैयार किया जाएगा, जबकि उनसे जुड़े स्पोक ITI भी इन संसाधनों और विशेषज्ञता का लाभ उठा सकेंगे।
इस मॉडल से अलग-अलग क्षेत्रों के युवाओं तक गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण पहुंचाने में मदद मिलेगी। उद्योग भागीदारों की सहभागिता से पाठ्यक्रमों को बदलती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप तैयार करने, प्रशिक्षकों का कौशल बढ़ाने और विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव देने पर जोर रहेगा।
कौशल से रोजगार और रोजगार से समृद्धि की दिशा में छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, कौशल, उद्योग और रोजगार को एक-दूसरे से जोड़कर युवाओं के लिए अवसरों का मजबूत तंत्र विकसित कर रही है। प्रदेश में औद्योगिक निवेश बढ़ने के साथ युवाओं को भविष्य की तकनीकों और आधुनिक औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ का युवा केवल रोजगार तलाशने वाला ही नहीं, बल्कि अपने कौशल और नवाचार के माध्यम से रोजगार सृजित करने वाला भी बने। कौशल विकास से रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के नए रास्ते खुलेंगे, जिससे विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की भागीदारी मजबूत होगी।
रोजगार, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि PM-SETU योजना प्रदेश के युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पहल है। ITI के आधुनिकीकरण और उद्योगों की प्रत्यक्ष भागीदारी से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण मिलेगा और उनके लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के सचिव श्री बसव राजू, संचालक श्री हेमंत नंदनवार, NMDC के कार्यपालक निदेशक श्री संजीव साही, SAIL के श्री पवन कुमार सहित संबंधित विभागों और औद्योगिक संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


