रायपुर, 20 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में छत्तीसगढ़ को कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स (Fastest Movers) श्रेणी में देशभर में पहला स्थान और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज (Innovation and Best Practices) श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए।
तीन नगरीय निकायों को भी मिला राष्ट्रीय सम्मान
राष्ट्रीय पुरस्कारों की इस उपलब्धि में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने भी अपनी विशेष पहचान बनाई है। डिजिटल अडॉप्शन (Digital Adoption) श्रेणी में बड़े बचेली, दंतेवाड़ा और बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
- बड़े बचेली: एक लाख से कम जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में देश में प्रथम स्थान।
- दंतेवाड़ा: एक लाख से कम जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में द्वितीय स्थान।
- बिलासपुर: एक लाख से 10 लाख जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में द्वितीय स्थान।
इन उपलब्धियों से पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेनदेन से जोड़ने, संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने और उनकी आजीविका को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ग्रहण किए राष्ट्रीय पुरस्कार
नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ की ओर से राज्य स्तरीय दोनों पुरस्कार ग्रहण किए। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक निलेश महादेव क्षीरसागर और राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी (मिशन) सुनील अग्रहरी उपस्थित रहे।
समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताई प्रसन्नता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में प्रथम और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त करना राज्य में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और नवाचारों का परिणाम है। सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि पथ विक्रेताओं और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक संबल प्रदान कर सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। यह राष्ट्रीय सम्मान राज्य में सुशासन, प्रभावी क्रियान्वयन और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।
अरुण साव बोले- नगरीय निकायों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है उपलब्धि
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को राज्य स्तर पर दो राष्ट्रीय पुरस्कार और बिलासपुर, बड़े बचेली तथा दंतेवाड़ा को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में सम्मान मिलना नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह उपलब्धि नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता से काम करने की प्रेरणा देगी।
सम्मान समारोह में नगरीय निकायों के प्रतिनिधि भी रहे मौजूद
समारोह में नगर पालिक निगम बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा की अध्यक्ष पायल गुप्ता और मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरुण कुमार ध्रुव तथा नगर पालिका परिषद बड़े बचेली के अध्यक्ष राजू जायसवाल और मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव भी उपस्थित रहे।
पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण को मिल रही नई पहचान
पीएम स्वनिधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ में पथ विक्रेताओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने, उनकी आजीविका मजबूत करने और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कार शहरी आजीविका संवर्धन, डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहन और छोटे व्यवसायियों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हैं।


