रायपुर,24 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित समिति की रिपोर्ट और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद UCC का विधेयक आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र में पेश किया जाएगा।

कर्नाटक रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार UCC को लागू करने की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। समिति की सिफारिशों के आधार पर सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इसे विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा।

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर भी प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन सभी का अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी जैसी घटनाएं हुईं, जो स्वीकार्य नहीं हैं। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अपने कर्नाटक दौरे को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि वे सत्य साईं ग्राम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा भी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts