रायपुर, 19 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सीएम हेल्पलाइन प्रदेशवासियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। विशेष रूप से दिव्यांगजनों और जरूरतमंद नागरिकों के लिए यह व्यवस्था राहत, विश्वास और सुशासन का प्रतीक बन रही है। हेल्पलाइन के माध्यम से लंबे समय से लंबित मामलों का भी समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसी कड़ी में जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड स्थित ग्राम पंडरीपानी निवासी प्रमनाथ मिर्रे का मामला प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है। लंबे समय तक प्रयास करने के बावजूद उनकी दिव्यांग पेंशन स्वीकृत नहीं हो पा रही थी, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
जब अन्य प्रयास सफल नहीं हुए, तब उनके पुत्र प्रताप मिर्रे ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग ने मामले को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और महज 12 दिनों के भीतर शिकायत का निराकरण करते हुए प्रमनाथ मिर्रे की दिव्यांग पेंशन शुरू कर दी।
पेंशन प्रारंभ होने के बाद प्रमनाथ मिर्रे और उनके परिवार ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। परिवार का कहना है कि जिस कार्य के लिए वे लंबे समय से प्रयासरत थे, वह सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से कुछ ही दिनों में पूरा हो गया।
परिवार ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन अब दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद लोगों के लिए एक भरोसेमंद और प्रभावी मंच बन गई है, जहां शिकायतों का संवेदनशील और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाता है।
प्रमनाथ मिर्रे की यह सफलता की कहानी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन, जवाबदेही और जनसेवा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच रहा है, जिससे आम नागरिकों का शासन पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।


