रायपुर, 7 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल तीन दिवसीय सफल सिंगापुर दौरे के बाद रायपुर लौट आया। इस यात्रा के दौरान प्रदेश को ₹43,600 करोड़ की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रतिबद्धताएं प्राप्त हुईं। किसी एक विदेश यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिली यह अब तक की सबसे बड़ी निवेश प्रतिबद्धताओं में शामिल है।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा प्रथम Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026 में भागीदारी के लिए देश से केवल छत्तीसगढ़ और हरियाणा का चयन किया गया था। सिंगापुर प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ को ₹41,750 करोड़ के AI-ready Data Center Campus का निवेश प्रस्ताव मिला। इसके साथ ही ITE Education Services, Singapore के साथ कौशल विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण एमओयू किया गया।
AI डेटा सेंटर से सौर ऊर्जा और कृषि प्रसंस्करण तक बड़े निवेश
सिंगापुर की Energy Capital Global (ECG) ने छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-ready Data Center Campus विकसित करने के लिए ₹41,750 करोड़ के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। यह परियोजना छत्तीसगढ़ को डिजिटल अर्थव्यवस्था और आधुनिक डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में महत्वपूर्ण केंद्र बनाने की दिशा में बड़ी पहल हो सकती है।
इसी तरह Sunstream Green Energy Pvt. Ltd. ने सौर ऊर्जा के साथ 300 मेगावाट बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट्स के लिए ₹1,500 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रस्ताव में रुचि दिखाई। वहीं वैश्विक एग्रीबिजनेस समूह Valency International Pte Ltd को ₹350 करोड़ के एकीकृत एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब की स्थापना के लिए निवेश आमंत्रण दिया गया।
इन निवेश प्रस्तावों से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार, स्थानीय स्टार्टअप और MSME के लिए वैश्विक कंपनियों के साथ साझेदारी तथा किसानों के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के नए अवसर बनने की उम्मीद है।
युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार मिलेगा कौशल प्रशिक्षण
छत्तीसगढ़ सरकार ने ITE Education Services, Singapore के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए एमओयू किया है। इसके अंतर्गत उद्योगों की जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम, तकनीकी प्रशिक्षण और युवाओं के लिए कौशल से रोजगार तक बेहतर अवसर विकसित किए जाएंगे।
SING Forum में वैश्विक मंच पर रखी छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा
Singapore Business Federation (SBF) द्वारा आयोजित SING Forum-2026 में छत्तीसगढ़ ने निवेश, उद्योग और विकास की संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया। फोरम में सिंगापुर सरकार के प्रतिनिधियों के साथ Mastercard, Nestlé और IHCL (Taj Hotels) जैसी प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हुए।
फोरम में आयोजित फायरसाइड चैट में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुधारों को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में आने वाला प्रत्येक निवेश रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का माध्यम बने।
सिंगापुर के विदेश मंत्री से CM Sai की मुलाकात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. Vivian Balakrishnan से सौजन्य भेंट की। इस दौरान भारत-सिंगापुर संबंधों को राज्य स्तर पर और मजबूत करने तथा निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के साथ CEO Roundtable
मुख्यमंत्री CM Sai के नेतृत्व में आयोजित CEO Roundtable में TCS, SMBC, Tolaram Group और Agrocorp सहित 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश और भविष्य की व्यावसायिक साझेदारियों की संभावनाओं पर विस्तार से संवाद हुआ।
Global Finance & Technology Network (GFTN) के साथ प्रदेश के युवाओं को AI और Digital Finance का प्रशिक्षण देने तथा छत्तीसगढ़ के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों और बाजारों तक पहुंच दिलाने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
वहीं Aquatech Pacific Holdings Pte Ltd के साथ प्रदेश के उद्योगों के लिए अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा हुई। Adroit Overseas Pte Ltd ने फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं में रुचि दिखाई।
हरित विकास और पर्यटन में वैश्विक साझेदारी की पहल
सिंगापुर यात्रा के दौरान Gardens by the Bay और Mandai Wildlife Group के साथ हुई बैठकों में छत्तीसगढ़ में हरित विकास, जैव विविधता संरक्षण और पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग के नए रास्तों पर चर्चा हुई।
Gardens by the Bay के अनुभव और विश्वस्तरीय कार्यप्रणाली का उपयोग नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन विकसित करने तथा प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में बेहतर और अधिक हरित सार्वजनिक स्थल तैयार करने में किया जा सकेगा।
वहीं Mandai Wildlife Group के साथ नंदनवन जंगल सफारी को विश्वस्तरीय वन्यजीव पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इससे प्रदेश में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर यात्रा को छत्तीसगढ़ की वैश्विक निवेश यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश निवेश प्रस्तावों, नई साझेदारियों और आगे बढ़ने के स्पष्ट रोडमैप के साथ लौटा है। सरकार प्रत्येक निवेशक के साथ निरंतर फॉलो-अप करेगी, ताकि परियोजनाओं को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जा सके।
तीन दिवसीय सिंगापुर प्रवास के दौरान मिली निवेश प्रतिबद्धताएं, कौशल विकास समझौता और वैश्विक साझेदारियां छत्तीसगढ़ को निवेश, तकनीक, कौशल, हरित विकास और पर्यटन के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।


