रायपुर, 7 अक्टूबर 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के जिला मुख्यालयों सहित 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनाने की घोषणा की। उन्होंने रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये संकल्प चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक होंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से शुरू हुई यात्रा तेलीबांधा चौक तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और युवाओं ने हिस्सा लिया।
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल को बताया प्रेरक यात्रा
विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन वर्षों की यात्रा जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के प्रति समर्पण को सम्मान देने के साथ ही विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी का संकल्प लेने का अवसर है।
सेवा संकल्प अभियान में प्रदेशभर की भागीदारी
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत में 17 सितंबर को प्रदेशभर में डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित किए गए। मुख्यमंत्री के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से नागरिक सेवा और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जुड़ रहे हैं।
विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है और इसके लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी आवश्यक है। इसी दिशा में राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के माध्यम से आने वाले वर्षों के विकास की दिशा तय की है।
उन्होंने नागरिकों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया।
सिंगापुर यात्रा का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री साय ने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्यों को वैश्विक स्तर पर निवेश, तकनीक, कौशल और नवाचार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ और हरियाणा को प्रथम Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026 में भागीदारी के लिए चुना गया। सिंगापुर में उद्योग जगत, निवेशकों और बिजनेस फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और साझेदारी को लेकर चर्चा हुई।
‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनेंगे जनभागीदारी के प्रतीक
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 38 स्थानों पर बनने वाले सेवा ज्योति संकल्प चौक जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेंगे। उनका उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्र की प्रगति में अपनी भूमिका के प्रति प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा और इंद्र कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


