रायपुर, 26 सितंबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार से शुरू हुई ‘आंगन मिलन सेवा’ के पहले दिन प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। राज्य में 2,262 स्थानों पर 12,698 गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें 97,471 लोगों ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मुंगेली जिले के मदकू में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में शामिल हुए और माताओं एवं बच्चों के पोषण का संदेश दिया।
आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती माताओं का स्वागत किया गया। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों, दालों और हरी सब्जियों का प्रदर्शन कर परिवारों को संतुलित और पौष्टिक भोजन के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों में ‘सुपोषित थाली’ का प्रदर्शन विशेष आकर्षण रहा। इसके माध्यम से महिलाओं को बताया गया कि रोजमर्रा के भोजन में विभिन्न खाद्य पदार्थों को शामिल कर माताओं और बच्चों के पोषण को बेहतर बनाया जा सकता है। बच्चों के अभिभावकों ने भी कार्यक्रमों में भाग लिया और पोषण एवं मातृ स्वास्थ्य से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लाभार्थियों ने बताया कि योजनाओं से मिली सहायता से वे अपनी और अपने परिवार की जरूरतें पूरी कर पा रही हैं।
आंगन मिलन सेवा के माध्यम से परिवारों और समुदाय को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ते हुए बच्चों के पोषण को साझा जिम्मेदारी बनाने पर जोर दिया गया।


