टेक्नोलॉजी डेस्क,13 अगस्त 2026
Google ने भारतीय बाजार में अपनी नई Pixel Watch 5 स्मार्टवॉच लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इस बार वॉच के डिस्प्ले, प्रोसेसर, बैटरी और हेल्थ ट्रैकिंग फीचर्स में कई बड़े अपग्रेड किए हैं। स्मार्टवॉच में Gemini का बेहतर इंटीग्रेशन और नए हेल्थ फीचर्स भी दिए गए हैं।
Pixel Watch 5 की भारत में कीमत
भारत में Pixel Watch 5 के 41mm मॉडल की कीमत 42,999 रुपये से शुरू होती है, जबकि 45mm मॉडल की कीमत 45,999 रुपये रखी गई है। 41mm मॉडल 130 से 210mm और 45mm मॉडल 150 से 215mm कलाई के लिए डिजाइन किया गया है।
कंपनी ने ग्लोबल मार्केट में 45mm Stephen Curry Special Edition भी पेश किया है, जिसकी कीमत 579 डॉलर है। भारत में इसकी कीमत करीब 55 हजार रुपये के आसपास बैठती है। Pixel Watch 5 की प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है और बिक्री 20 अगस्त से शुरू होगी।
3,000 निट्स तक की ब्राइटनेस
Pixel Watch 5 में राउंड डिजाइन के साथ Domed Actua 360 AMOLED LTPO डिस्प्ले दिया गया है। इसकी पीक ब्राइटनेस 3,000 निट्स तक है। स्क्रीन में 320ppi पिक्सल डेंसिटी और 60Hz तक का एडैप्टिव रिफ्रेश रेट मिलता है।
वॉच में Always-On Display का सपोर्ट भी है और स्क्रीन की सुरक्षा के लिए Corning Gorilla Glass दिया गया है।
Snapdragon W5 Gen 2 प्रोसेसर
स्मार्टवॉच में Qualcomm Snapdragon W5 Gen 2 Accelerated Platform के साथ Cortex-M55 को-प्रोसेसर दिया गया है। Google के मुताबिक, नए डुअल-चिप आर्किटेक्चर से पिछली जनरेशन की तुलना में 20 प्रतिशत तक बेहतर परफॉर्मेंस मिलती है।
इसके अलावा वॉच में 50 प्रतिशत ज्यादा RAM और 12 प्रतिशत CPU बूस्ट का दावा किया गया है। इसमें 64GB eMMC स्टोरेज मिलता है।
कलाई से Gemini से कर सकेंगे बात
Pixel Watch 5 में Gemini AI को पहले से बेहतर तरीके से इंटीग्रेट किया गया है। यूजर अपनी कलाई उठाकर सीधे Gemini से बातचीत कर सकते हैं।
Gemini, Google की दूसरी सेवाओं जैसे Gmail और Calendar के साथ भी काम कर सकता है। इससे यूजर बिना फोन निकाले जरूरी जानकारी और सुझाव हासिल कर सकते हैं।
हेल्थ ट्रैकिंग के लिए कई फीचर्स
Pixel Watch 5 में ECG, AFib Detection, हाई और लो हार्ट रेट अलर्ट, रेस्टिंग हार्ट रेट मॉनिटरिंग, SpO2, HRV और Breathing Rate जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
इसके अलावा वॉच स्किन टेम्परेचर और रियल-टाइम स्ट्रेस को भी ट्रैक कर सकती है। स्लीप ट्रैकिंग के लिए Breathing Regularity Analysis और Personalized Sleep Score दिया गया है।
Health Guardian देगा हेल्थ ट्रेंड की जानकारी
Google ने इसमें Health Guardian नाम का नया फीचर जोड़ा है। यह यूजर को हर महीने हेल्थ से जुड़े ट्रेंड की जानकारी देने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें ब्लड प्रेशर ट्रेंड, नींद के दौरान सांस लेने की क्वालिटी और इंसुलिन रेजिस्टेंस ट्रेंड जैसी जानकारी शामिल हो सकती है।
कंपनी के मुताबिक, इन फीचर्स का उद्देश्य रियल-टाइम क्लिनिकल रीडिंग देना नहीं, बल्कि लंबे समय में हेल्थ से जुड़े बदलावों को समझने में मदद करना है।
Breathing Emergency Detection
Pixel Watch 5 में Breathing Emergency Detection नाम का नया फीचर भी दिया गया है। यह शरीर में ऑक्सीजन लेवल में गंभीर और लगातार गिरावट के संकेतों को पहचानने की कोशिश करता है।
इसके लिए PPG, एक्सेलेरोमीटर और बैरोमीटर सेंसर के साथ डिवाइस पर मौजूद AI का इस्तेमाल किया जाता है।
50 से ज्यादा एक्टिविटी का सपोर्ट
फिटनेस के लिए वॉच में 50 से ज्यादा तरह की एक्टिविटी का सपोर्ट मिलता है। वर्कआउट के दौरान रियल-टाइम ऑडियो और विजुअल गाइडेंस के साथ Weekly Cardio Goal और Daily Readiness Score जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
बेहतर हुआ Dual-Frequency GPS
Pixel Watch 5 में अपग्रेडेड Dual-Frequency GPS दिया गया है। Google का दावा है कि यह पिछली जनरेशन की तुलना में रूट ट्रैकिंग में दो गुना तक बेहतर सटीकता दे सकता है। रनिंग, वॉकिंग और आउटडोर एक्टिविटी के दौरान यह फीचर खास तौर पर उपयोगी हो सकता है।
40 घंटे तक की बैटरी
बैटरी की बात करें तो 41mm मॉडल 30 घंटे तक और 45mm मॉडल 40 घंटे तक चल सकता है। Google के अनुसार, केवल 15 मिनट चार्ज करने पर करीब 15 घंटे तक इस्तेमाल किया जा सकता है।
स्मार्टवॉच को IP68 रेटिंग मिली है, जिससे यह धूल और पानी से सुरक्षा प्रदान करती है।


