रायपुर, 3 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिज भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने जांच अभियान चलाकर रेत और पत्थर का अवैध परिवहन करते 6 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है।

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान बस्ती-बगरा क्षेत्र से रेत से भरे 4 ट्रैक्टर जब्त किए गए। इन वाहनों को सुरक्षार्थ कोडगार चौकी में रखा गया है।

इसी तरह सारबहरा क्षेत्र से पत्थर से भरा एक ट्रैक्टर और अंडी क्षेत्र से रेत से भरा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया। दोनों वाहनों को सुरक्षार्थ अमरपुर पुलिस लाइन में रखा गया है।

खनिज विभाग ने सभी संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। संबंधित प्रकरणों में निर्धारित अर्थदंड अथवा समझौता राशि खनिज मद में जमा कराए जाने के बाद नियमानुसार वाहनों को मुक्त किया जाएगा।

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने खनिज विभाग को जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागीय अमले को नियमित जांच करने तथा अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए उनकी गुणवत्तापूर्ण जांच और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts