कवर्धा,23 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुकदुर क्षेत्र के केसमरदा गांव में बीती रात चार हाथियों के दल ने जमकर तबाही मचाई। हाथियों ने एक बैगा परिवार के दो घरों में तोड़फोड़ कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, केसमरदा गांव में रहने वाला बैगा परिवार रात में गहरी नींद में सो रहा था। इसी दौरान जंगल से निकलकर हाथियों का दल बस्ती में घुस आया। हाथियों ने अचानक घरों पर हमला कर दिया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग किसी तरह घरों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने के लिए भागे।
हाथियों ने घरों में रखे खाद्य पदार्थों को भी खाकर बिखेर दिया। बताया जा रहा है कि बुधसिंह बैगा के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। शादी के लिए परिवार ने घर में नौ बोरी चावल रखे थे, जिन्हें हाथियों ने बर्बाद कर दिया। इस घटना से परिवार को भारी नुकसान हुआ है।
गौरतलब है कि करीब एक सप्ताह पहले भी हाथियों के इसी दल ने बनगौरा दलदली क्षेत्र में एक मितानिन बैगिनबाई को कुचलकर मार डाला था। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।
घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगलों में नहीं जाने की हिदायत दी है। क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।


