कांकेर, 28 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में माओवादी डंप से बरामद करीब 20 लाख रुपये की नकदी गायब होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मार्च-अप्रैल 2026 में मुरगांव क्षेत्र के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान मिली रकम को नियमानुसार सरकारी खाते में जमा कराने के बजाय तत्कालीन दो DSP ने आपस में बांट लिया।

जानकारी के मुताबिक, मुरगांव के आश्रित ग्राम टोडेमरका और मरकाकोनारी के जंगलों में माओवादी डंप की तलाश के दौरान यह नकदी बरामद हुई थी। सर्च ऑपरेशन में टोडेमरका से करीब 15 लाख रुपये और मरकाकोनारी से करीब 5 लाख रुपये मिलने की बात सामने आई है। इस तरह कुल बरामद रकम करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

SP के संज्ञान में आने के बाद हुई जांच

आरोप है कि बरामद रकम को सरकारी प्रक्रिया के तहत जमा नहीं कराया गया। मामले की जानकारी SP तक पहुंचने के बाद आंतरिक जांच कराई गई। हालांकि, जांच पूरी होने के बावजूद इसकी रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। रिपोर्ट सामने नहीं आने के कारण मामले को लेकर विभाग में सवाल उठ रहे हैं।

22 करोड़ रुपये मिलने की भी अफवाह

इधर, इलाके में 20 लाख रुपये के बजाय 22 करोड़ रुपये की बरामदगी की अफवाह भी चर्चा में है। ग्रामीण क्षेत्रों में बरामद रकम को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। हालांकि, 22 करोड़ रुपये की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

तत्कालीन अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आया है। फिलहाल विभाग की ओर से बरामद रकम, कथित बंटवारे और जांच रिपोर्ट को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में मामले की वास्तविक स्थिति जांच रिपोर्ट और आधिकारिक दस्तावेज सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts