नई दिल्ली , 1 अक्टूबर 2026
नई दिल्ली में महानदी जल विवाद को लेकर अहम बैठक होगी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य महानदी के जल बंटवारे और विवाद के समाधान को लेकर दोनों राज्यों के बीच सहमति का रास्ता तलाशना है। महानदी जल विवाद को लेकर दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से मतभेद रहे हैं।
इससे पहले 20 सितंबर को भुवनेश्वर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के बीच मुलाकात हुई थी। बैठक के बाद सीएम साय ने कहा था कि महानदी के पानी को लेकर दोनों राज्यों के बीच कोई बड़ी समस्या नहीं है और उन्होंने विवाद के जल्द समाधान की उम्मीद जताई थी।
सीएम साय ने यह भी कहा था कि दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने नई दिल्ली में मुलाकात कर आपसी बातचीत के जरिए महानदी जल विवाद को सुलझाने के लिए केंद्रीय जल आयोग के साथ आगे बढ़ने पर सहमति जताई है।
गौरतलब है कि महानदी जल विवाद 2016 से ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच चला आ रहा है। ओडिशा की ओर से छत्तीसगढ़ में महानदी के ऊपरी हिस्से में बैराज निर्माण और जल प्रवाह को लेकर आपत्तियां उठाई जाती रही हैं। वहीं, विवाद के समाधान के लिए दोनों राज्यों के बीच बातचीत का दौर जारी है।
आज होने वाली बैठक में महानदी के पानी के उचित बंटवारे, जल प्रबंधन और दोनों राज्यों के बीच सहमति बनाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।


