बलौदाबाजार,26 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। बलौदाबाजार जिले के दरचुरा के पास तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई है।

अंबिकापुर से रायपुर जा रही थी बस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रेवल्स की बस (CG 04 NM 0859) सोमवार सुबह अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 22 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह लगभग 5:30 बजे दरचुरा के पास बस खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे के समय कई यात्री नींद में थे और उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस और डायल 112 ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और सिमगा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

वहीं, मृतकों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद शुरुआती तौर पर मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई भी शुरू की, ताकि यातायात बाधित न हो।

हादसे की वजह तलाश रही पुलिस

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं चालक को झपकी आने के कारण तो हादसा नहीं हुआ। इसके साथ ही खड़े ट्रक पर रिफ्लेक्टर लगे होने सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रदेश में लगातार हो रहे सड़क हादसे

छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से सड़क दुर्घटनाओं की कई घटनाएं सामने आई हैं। रविवार को कोरिया जिले के चर्चा थाना क्षेत्र में नगर गांव के पास बस और बोलेरो की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार बच्चों समेत 14 लोग घायल हुए।

इससे पहले मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्रियों से भरी बस सेमरमथानी मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी। उस हादसे में भी लोगों की मौत हुई और चालक समेत कई यात्री घायल हुए थे।

रायपुर में 24 घंटे के भीतर चार हादसे, पांच लोगों की मौत

राजधानी रायपुर में भी पिछले 24 घंटे के दौरान चार सड़क हादसों में पांच लोगों की जान जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें विधानसभा क्षेत्र, रायपुरा-डीडीनगर और तेलीबांधा मेन रोड पर हुई दुर्घटनाएं शामिल हैं।

तेलीबांधा थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड चौक पर रविवार को ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार 35 वर्षीय गंगा साहू और उनकी नौ वर्षीय बेटी रितिका साहू की मौत हो गई। वहीं, विधानसभा रोड पर दौंदेखुर्द के पास पिकअप की टक्कर से दोपहिया वाहन सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस वाहन चालकों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts