राजनांदगांव,24 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में नेशनल हाईवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लालबाग थाना क्षेत्र में राज इंपिरियल होटल के सामने एक अज्ञात ट्रक ने सड़क पर मौजूद करीब 20 गायों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि 12 गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 8 गायें गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद चालक फरार

जानकारी के अनुसार, देर रात नेशनल हाईवे पर मवेशियों का एक झुंड सड़क पर मौजूद था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए अज्ञात ट्रक ने गायों को रौंद दिया। टक्कर के बाद सड़क पर कई गायों के शव और घायल मवेशी पड़े दिखाई दिए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस और गौ सेवक पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और गौ सेवक मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया, वहीं गौ सेवकों ने घायल गायों को उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया। हादसे के बाद सड़क पर मृत और घायल मवेशियों को देखकर लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला।

पुलिस मामले की जानकारी जुटाने के साथ ही फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में 12 गायों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 8 गायों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts