बलौदाबाजार, 6 अक्टूबर 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के ऐतिहासिक 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले में विभिन्न जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा की अगुवाई में बलौदाबाजार स्थित ऐतिहासिक षष्ठी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान मंत्री टंक राम वर्मा, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वयं हाथों में झाड़ू थामकर श्रमदान किया। उन्होंने सड़कों और परिसर में बिखरे कचरे को साफ कर उसे डस्टबिन में एकत्रित किया।
मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि “स्वच्छता एक आदत है, जो धीरे-धीरे संस्कार बनती है।” उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि ऐसी आदत है जो धीरे-धीरे हमारे व्यवहार और जीवनशैली का हिस्सा बनती है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 सफल वर्षों के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्वच्छता अभियान में कलेक्टर, भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य उपाध्यक्ष, नगर पालिका उपाध्यक्ष, विभिन्न वार्डों के पार्षद और गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और श्रमदान किया।


