बालोद,6 अक्टूबर 2026
बालोद जिला मुख्यालय में सोमवार को 22 वर्षीय छात्रा पर हुए एसिड अटैक मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छात्रा पर एसिड फेंकने की साजिश उसके प्रेमी ने रची थी।
प्रेमी ने रची थी हमले की साजिश
पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रेमी ने वारदात को अंजाम देने के लिए अपने दोस्त को भैरमगढ़ से बालोद बुलाया था। इसके बाद दोनों ने मिलकर छात्रा पर हमला करने की योजना बनाई।
लाइब्रेरी से लौटते समय छात्रा पर फेंका एसिड
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर छात्रा लाइब्रेरी से लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने प्रेमी समेत दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को साजिश में प्रेमी की भूमिका के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने प्रेमी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


