रायपुर, 17 अक्टूबर 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने एक विशेष लेख के माध्यम से सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को रेखांकित किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल को देश के विकास, जनभागीदारी और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प का प्रतीक बताया। साथ ही, उन्होंने छत्तीसगढ़ में संचालित सेवा संकल्प अभियान को जनसेवा की भावना को व्यापक बनाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
विशेष लेख: सेवा के 25 वर्ष, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प की प्रेरक यात्रा
मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने अपने विशेष लेख में कहा है कि भारतीय संस्कृति में सेवा केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि जीवन का सर्वोच्च संस्कार है। सेवा की यही भावना व्यक्ति को स्वयं से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए समर्पित होने की प्रेरणा देती है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष इसी सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की प्रेरक यात्रा के प्रतीक हैं।
उन्होंने उल्लेख किया कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा का दायित्व संभालने से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की यात्रा विकास, दृढ़ संकल्प और जनविश्वास की मिसाल रही है। इस दौरान शासन को केवल प्रशासनिक व्यवस्था तक सीमित न रखते हुए गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनाया गया है।
जनकल्याणकारी योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में बदलाव
मंत्री श्री अग्रवाल के अनुसार, प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में बीते वर्षों में जनकल्याण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराने, उज्ज्वला योजना के जरिए महिलाओं को रसोई के धुएं से राहत देने, आयुष्मान भारत के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वच्छ भारत मिशन के जरिए स्वच्छता एवं गरिमा को बढ़ावा देने जैसे प्रयासों ने लोगों के जीवन को प्रभावित किया है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना ने खाद्य सुरक्षा को मजबूत किया है। जनधन योजना, डिजिटल इंडिया और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण ने सरकारी योजनाओं की पहुंच को अधिक सरल और पारदर्शी बनाने में भूमिका निभाई है। किसान सम्मान निधि, मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया और कौशल विकास जैसी पहलों से किसानों, युवाओं और उद्यमियों के लिए नए अवसर तैयार हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इन पहलों का महत्वपूर्ण उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान
विशेष लेख में मंत्री श्री अग्रवाल ने विकास के साथ भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का विकास और प्रमुख तीर्थस्थलों पर सुविधाओं का विस्तार भारतीय संस्कृति के गौरव को नई पहचान देने वाले प्रयास हैं।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन के विस्तार से स्थानीय रोजगार, हस्तशिल्प और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होते हैं। उन्होंने कहा कि देश की सांस्कृतिक विरासत हमारी पहचान होने के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक विकास का भी महत्वपूर्ण आधार है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ की ओर कदम
मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में पर्यटन स्थलों के विकास, जनजातीय संस्कृति के संरक्षण, धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं के विस्तार तथा स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराएं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। इन क्षेत्रों को प्रोत्साहन देने से सांस्कृतिक पहचान मजबूत होने के साथ स्थानीय लोगों के लिए आजीविका के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
सेवा संकल्प अभियान की 12 प्रमुख पहलों से बढ़ी जनभागीदारी
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के अंतर्गत 12 प्रमुख पहलों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया गया।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि अभियान की विभिन्न गतिविधियों ने नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं और सामाजिक संगठनों को रचनात्मक कार्यों में भागीदारी का अवसर प्रदान किया।
‘आशीर्वाद का दीया’ के माध्यम से सेवा, आभार और सकारात्मकता का संदेश दिया गया, जबकि ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ ने बच्चों और विद्यार्थियों को विकसित भारत के प्रति अपनी कल्पनाओं को व्यक्त करने का अवसर प्रदान किया।
इसी तरह ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ और ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ जैसी पहलों ने कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
महिला सशक्तिकरण, सुशासन और नवाचार को मिला प्रोत्साहन
अभियान के अंतर्गत ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहित किया गया। ‘सेवा की कहानी’ के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं से नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सामने लाने का प्रयास हुआ।
वहीं, ‘सेवा संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ जैसी पहलों ने सामाजिक सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया।
‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ ने नागरिकों को शासकीय सेवाओं से जोड़ने तथा प्रशासन को अधिक संवेदनशील और उत्तरदायी बनाने का संदेश दिया। दूसरी ओर, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से युवाओं की नई सोच और नवाचार को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि इन सभी गतिविधियों का मूल संदेश यही है कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है। जब नागरिक अपनी भूमिका समझकर समाज के कल्याण में योगदान देते हैं, तभी विकास की प्रक्रिया अधिक व्यापक और प्रभावी बनती है।
सेवा संकल्प अभियान का समापन, लेकिन सेवा का संकल्प जारी
17 अक्टूबर 2026 को सेवा संकल्प अभियान का औपचारिक समापन हो रहा है। मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि बीते एक महीने में इस अभियान ने सेवा, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता, रचनात्मकता और जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान किया है।
उन्होंने कहा कि अभियान की वास्तविक सार्थकता तभी होगी, जब सेवा की भावना दैनिक जीवन और सामाजिक व्यवहार का स्थायी हिस्सा बने। जरूरतमंदों की सहायता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, बेटियों की शिक्षा और सामाजिक सद्भाव जैसे कार्यों को निरंतर अपनाना आवश्यक है।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल से यह प्रेरणा मिलती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर परिश्रम और जनभागीदारी से बड़े बदलाव संभव हैं। विकसित भारत का निर्माण तभी होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपने दायित्वों को समझते हुए समाज और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देगा।
विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के लिए सामूहिक संकल्प जरूरी
मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने सेवा संकल्प अभियान में योगदान देने वाले छत्तीसगढ़ के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, कलाकारों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता, बेटियों की शिक्षा, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और सामाजिक सद्भाव को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का समापन किसी आयोजन का अंत नहीं, बल्कि जनकल्याण, सुशासन और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में नए संकल्पों की शुरुआत है। सेवा को संस्कार, जनभागीदारी को शक्ति और राष्ट्र निर्माण को साझा संकल्प बनाकर ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के सपने को साकार किया जा सकता है।


