उज्जैन, 17 अगस्त 2026
नाग पंचमी के अवसर पर महाकाल मंदिर के ऊपरी तल पर स्थित श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इसी दौरान हरसिद्धि मंदिर चौराहे के पास बैरिकेडिंग के अंदर डीपी के समीप करंट फैलने की अफवाह से अचानक अफरा-तफरी मच गई।
अफवाह फैलते ही कतार में खड़े श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कई श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को तत्काल चरक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में उज्जैन, ग्वालियर, बिहार और गुजरात सहित अन्य स्थानों से आए श्रद्धालु शामिल हैं।
अफरा-तफरी के दौरान बैरिकेड्स से टकराने के कारण हरिश्चंद्र नामक श्रद्धालु के पैरों में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद कुछ समय के लिए दर्शन व्यवस्था प्रभावित हुई।
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और भीड़ को नियंत्रित किया। फिलहाल दर्शन व्यवस्था सुचारू है और श्रद्धालुओं को नियंत्रित तरीके से मंदिर की ओर भेजा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि नाग पंचमी के चलते नागचंद्रेश्वर मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी हुई है। इसी बीच करंट की अफवाह से लोगों में अचानक घबराहट फैल गई, जिसके चलते कतार में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।


