US-Iran War: मध्य-पूर्व में एक बार फिर तनाव चरम पर पहुंच गया है। बकरीद (ईद-उल-अजहा) के दिन अमेरिका ने ईरान पर बड़ा सैन्य हमला कर दिया। अमेरिकी सेना ने बंदर अब्बास इलाके में कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ एयरस्ट्राइक की। हमले के दौरान अमेरिका ने ईरान के 4 ड्रोन भी मार गिराने का दावा किया है।

जानकारी के मुताबिक, यह हमला स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Hormuz Strait) के आसपास बढ़ते तनाव के बीच किया गया। अमेरिका का कहना है कि ईरान की गतिविधियां वहां से गुजरने वाले व्यावसायिक जहाजों और अमेरिकी सैनिकों के लिए खतरा बन रही थीं।

ईरान की अर्ध-सरकारी न्यूज एजेंसी फार्स ने भी हमले की पुष्टि की है। रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे बंदर अब्बास के पूर्वी हिस्से में जोरदार धमाके सुनाई दिए। इसके तुरंत बाद ईरानी सेना का एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव हो गया।

बताया जा रहा है कि बीते 48 घंटे में यह अमेरिका का दूसरा हमला है। इससे पहले अमेरिकी सेंट्रल कमांड CENTCOM ने दक्षिणी ईरान में मिसाइल लॉन्च साइट्स और संदिग्ध नौसैनिक नावों पर कार्रवाई की थी। अमेरिका का आरोप था कि इन नावों के जरिए समुद्र में माइंस बिछाने की तैयारी की जा रही थी।

हालांकि, ईरान ने अमेरिकी कार्रवाई को सीजफायर का उल्लंघन बताते हुए कड़ी निंदा की थी। तेहरान ने साफ कहा था कि किसी भी आक्रामक कार्रवाई का जवाब दिया जाएगा।

वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर सख्त चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि “ईरान को परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अगर तेहरान परमाणु ताकत बना, तो इसका सबसे बड़ा खतरा इजराइल और पूरी दुनिया के लिए होगा।”

ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका समझौते के लिए तैयार है, लेकिन डील पूरी तरह अमेरिकी शर्तों के मुताबिक ही होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts