रायपुर, 25 अगस्त 2026
आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा है कि नवा रायपुर अटल नगर को देश की अग्रणी ग्रीनफील्ड सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने सोमवार को नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-12 फेस-2 में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की 119.89 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजना का भूमिपूजन किया।
मंत्री श्री चौधरी ने बताया कि इस परियोजना के तहत HIG और MIG श्रेणी के कुल 348 भवनों का निर्माण किया जाएगा। वहीं, आवासों की बढ़ती मांग को देखते हुए इसी सेक्टर में आगामी चरण में 704 नए फ्लैटों का निर्माण भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।
बिना मांग के नहीं शुरू होगी नई आवासीय परियोजना
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल को नई दिशा देने के लिए कई महत्वपूर्ण नीतिगत सुधार किए हैं। उन्होंने बताया कि पहले कर्ज से जूझ रहे मंडल को लगभग 700 करोड़ रुपये का ऋण चुकाकर कर्जमुक्त किया गया।
उन्होंने कहा कि अब यह नीति तय की गई है कि बिना मांग के किसी भी स्थान पर नई आवासीय परियोजना शुरू नहीं की जाएगी। किसी परियोजना में 60 प्रतिशत बुकिंग होने या पहले तीन माह में 30 प्रतिशत बुकिंग मिलने के बाद ही टेंडर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
इससे मांग आधारित और व्यावहारिक आवासीय परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा तथा लंबे समय तक खाली रहने वाले भवनों की समस्या से भी राहत मिलेगी।
हाउसिंग बोर्ड की परियोजनाओं में गुणवत्ता होगी सर्वोच्च प्राथमिकता
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल को केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि एक प्रोफेशनल ऑर्गेनाइजेशन के रूप में अपनी पहचान स्थापित करनी है।
उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि केवल सरकारी SOR के आधार पर कार्य करने के बजाय जरूरत के अनुसार बेहतर गुणवत्ता की सामग्री, आधुनिक टाइल्स, फिटिंग्स और आकर्षक रंगों का उपयोग किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि बेहतर गुणवत्ता के लिए परियोजना की लागत में 5 से 10 प्रतिशत तक वृद्धि होती है, तो इसे हितग्राहियों को बेहतर सुविधाएं देने के दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए। आने वाले समय में हाउसिंग बोर्ड की परियोजनाओं को गुणवत्ता के नए मानदंड स्थापित करने होंगे।
RWA को मजबूत कर समय पर कॉलोनियां हैंडओवर करने पर जोर
मंत्री श्री चौधरी ने हाउसिंग बोर्ड की कॉलोनियों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) को मजबूत करने और कॉलोनियों का समय पर हैंडओवर सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि कॉलोनी के विकास और रखरखाव की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि रहवासियों की भी है। उन्होंने सेक्टर-12 के निवासियों से RWA का गठन कर रखरखाव में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
साथ ही नए हितग्राहियों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखने और किसी भी कमी की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने का आग्रह किया।
नवा रायपुर में शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी क्षेत्र का तेजी से विस्तार
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर अटल नगर देश की प्रमुख ग्रीनफील्ड सिटी के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। उन्होंने बताया कि नवा रायपुर के लगभग एक-तिहाई हिस्से को रिक्रिएशनल क्षेत्र के रूप में विकसित किया गया है, जबकि 28 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र हरियाली से आच्छादित है।
उन्होंने बताया कि नवा रायपुर में NIFT, NFSU, NIELIT, IIM, HNLU और IIIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थान मौजूद हैं। इसके अलावा नरसी मोनजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, श्री श्री रविशंकर केंद्र, ब्रह्मकुमारी परिसर, AI Data Center और Semiconductor Unit जैसी परियोजनाएं भी शहर के विकास को नई गति दे रही हैं।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी फोकस
मंत्री ने कहा कि नवा रायपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं का भी तेजी से विस्तार हो रहा है। सत्य साईं अस्पताल में जरूरतमंद मरीजों के निःशुल्क हृदय ऑपरेशन किए जा रहे हैं।
अस्पताल परिसर के विस्तार के लिए अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराई गई है, जहां भविष्य में हेल्थ ट्रेनिंग सेंटर, जीनोम रिसर्च सेंटर और नर्सिंग कॉलेज जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
खेल, कॉन्फ्रेंस और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभरेगा नवा रायपुर
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर में खेल, कॉन्फ्रेंस, शिक्षा, स्वास्थ्य और वेडिंग डेस्टिनेशन सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। आने वाले एक-दो वर्षों में वर्तमान में चल रही कई परियोजनाओं का असर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।
उन्होंने सेक्टर-12 फेस-2 के नए हितग्राहियों को बधाई देते हुए निर्माण एजेंसी और अधिकारियों को परियोजना को निर्धारित समय-सीमा से पहले और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
सेक्टर-12 फेस-2 में बनेंगे 348 भवन, अगले चरण में 704 फ्लैट
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि सेक्टर-12 फेस-2 की शेष 29.20 एकड़ भूमि पर HIG एवं MIG श्रेणी के 348 भवनों का निर्माण किया जाएगा।
इन भवनों का बेस विक्रय मूल्य 45.70 लाख रुपये से 85.17 लाख रुपये तक निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि अगले चरण में इसी क्षेत्र में 704 नए फ्लैटों का निर्माण किया जाएगा। इनमें 128 HIG, 320 MIG और 256 LIG फ्लैट शामिल होंगे। प्रस्तावित फ्लैटों का बेस विक्रय मूल्य 16.76 लाख रुपये से 40.47 लाख रुपये तक होगा।
मांग आधारित परियोजनाओं को प्राथमिकता
मंडल के सचिव अंकित आनंद ने कहा कि आवासीय परियोजनाओं के निर्माण में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को प्राथमिकता दी जा रही है। सेक्टर-12 फेस-2 की परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कर हितग्राहियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नवा रायपुर अटल नगर में बढ़ती आवासीय मांग को देखते हुए भविष्य में भी मांग आधारित परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
नवा रायपुर में हाउसिंग बोर्ड की परियोजनाओं का लगातार विस्तार
मंडल के आयुक्त अवनीश शरण ने बताया कि मंडल ने वर्ष 2007 में सेक्टर-27 की 154 एकड़ भूमि पर अपनी पहली आवासीय कॉलोनी शुरू की थी। यहां 2665 स्वतंत्र भवन और फ्लैटों का निर्माण वर्ष 2014 में पूरा कर आबंटियों को सौंपा गया।
इसी प्रकार वर्ष 2011 में सेक्टर-29 की 145 एकड़ भूमि पर दूसरी आवासीय कॉलोनी शुरू की गई, जहां 3012 स्वतंत्र भवन एवं फ्लैट वर्ष 2015 में पूर्ण कर आबंटियों को उपलब्ध कराए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत सेक्टर-16, 30 और 34 में कमजोर आय वर्ग के लिए 2312 EWS और 2232 LIG फ्लैट, कुल 4544 आवासों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से 1871 भवनों का आधिपत्य हितग्राहियों को सौंपा जा चुका है।
वहीं, सेक्टर-12 फेस-1 में 450 HIG और MIG स्वतंत्र भवनों का निर्माण पूरा कर आबंटियों को सौंपा जा चुका है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाया पीपल का पौधा
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश देने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित उपस्थित अतिथियों ने पीपल का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर अटल नगर को हरित और पर्यावरण-अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने में पौधरोपण और पौधों का संरक्षण महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, मंडल के अधिकारी-कर्मचारी, सेक्टर-12 के रहवासी, नए हितग्राही और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


