रायपुर, 23 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिले के नगर निगम बीरगांव में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में क्षेत्र को 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने इन कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करने के साथ ही बीरगांव की जरूरतों को देखते हुए लगभग 110 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अब कोई बाधा नहीं है और विकास की गति और तेज होगी। बीरगांव तेजी से विकसित हो रहा शहरी क्षेत्र है। औद्योगिक गतिविधियों और बढ़ती आबादी के अनुरूप यहां सड़क, पेयजल, स्वच्छता, सीवरेज, खेल सुविधाओं और अन्य नागरिक अधोसंरचनाओं को मजबूत करने की जरूरत है। राज्य सरकार इन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 160 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी जा चुकी है। आज लोकार्पित और भूमिपूजन किए गए कार्यों में नगर निगम से संबंधित 94 करोड़ रुपये से अधिक, लोक निर्माण विभाग के 38 करोड़ रुपये से अधिक तथा नगरोत्थान योजना के तहत करीब 16 करोड़ रुपये के कार्य शामिल हैं।
एसटीपी के लिए ₹82 करोड़, पेयजल और सड़क-नाली के लिए भी राशि
मुख्यमंत्री ने बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण के लिए 82 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा ओवरहेड टैंक एवं पाइपलाइन विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपये, सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये तथा सरोरा में खेल मैदान के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई।
बीरगांव में विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए आधुनिक अध्ययन सुविधाओं से युक्त नालंदा परिसर के निर्माण के लिए भी 5 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
इसके साथ ही व्यास तालाब तिराहा से बीरगांव नाला तक स्ट्रीट लाइट के लिए 1 करोड़ रुपये, बुधवारी बाजार से नगर निगम कार्यालय तक स्ट्रीट लाइट के लिए 50 लाख रुपये, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रावांभाठा में विद्युतीकरण एवं मरम्मत के लिए 50 लाख रुपये, सर्व मांगलिक भवन के लिए 1 करोड़ रुपये और शासकीय महाविद्यालय में ई-लाइब्रेरी के लिए 89 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने बीरगांव में छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल का जोन कार्यालय प्रारंभ करने की भी घोषणा की।
स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल बीरगांव के विकास का बनेगा रोडमैप
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार रायपुर, दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों को शामिल कर स्टेट कैपिटल रीजन विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। बीरगांव भी इसका हिस्सा है। इसके माध्यम से पूरे क्षेत्र के सुनियोजित, समन्वित और दीर्घकालीन विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकास केवल सड़क और भवन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य नागरिकों के दैनिक जीवन को आसान बनाना भी है। सरकार सुशासन और ईज ऑफ लिविंग के लिए तकनीक के माध्यम से सरकारी सेवाओं को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने पर काम कर रही है।
बीरगांव में मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय का निर्माण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 10 मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय विकसित किए जा रहे हैं। ऑनलाइन रजिस्ट्री और स्वतः नामांतरण जैसी व्यवस्थाओं से भूमि संबंधी सेवाओं को सरल बनाया गया है।
सात क्षेत्रों में सर्वे के बाद पात्र परिवारों को मिलेंगे आवासीय पट्टे
मुख्यमंत्री ने बीरगांव नगर निगम क्षेत्र के रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर सरोरा में सर्वेक्षण कराने के बाद पात्र लोगों को नियमानुसार आवासीय पट्टे वितरित करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवासीय सुरक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
गरीब, महिला, श्रमिक और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार गरीब, महिला, श्रमिक, किसान, युवा और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रतिदिन करीब 1600 प्रधानमंत्री आवास बनाए जा रहे हैं और सरकार ने 18 लाख गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की 68 लाख से अधिक माताओं-बहनों को नियमित आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं 5.60 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को सालाना 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
बीरगांव को मिले दो नए अग्निशमन वाहन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बीरगांव नगर निगम को दो नए अग्निशमन वाहन भी समर्पित किए। इससे क्षेत्र में अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं की क्षमता मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ, सफाई मित्रों का सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया। इसके अलावा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री गृह निर्माण सम्मान योजना और नोनी सुरक्षा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि के डेमो चेक प्रदान किए।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों के पांव धुलवाकर, तिलक लगाकर और आरती उतारकर उनके योगदान का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा- बीरगांव के लिए ऐतिहासिक दिन
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बीरगांव के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। मुख्यमंत्री साय ने क्षेत्र को 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से बीरगांव को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त शहर बनाने की दिशा में तेजी आएगी।
उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 160 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य मिले हैं, जिनमें करीब 90 करोड़ रुपये के कार्य पूर्ण हो चुके हैं। आने वाले समय में भी अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विस्तार का क्रम जारी रहेगा।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक अनुज शर्मा, विधायक भावना बोहरा, महापौर नंदलाल देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


