जांजगीर-चांपा, 26 सितंबर 2026

गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खोले जाने और जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने महानदी के तटीय और संवेदनशील क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण कर जलस्तर, नदी के बहाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर-एसपी संबंधित विभागों से लगातार फीडबैक लेकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने राजस्व, पुलिस, जल संसाधन, नगर सेना सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए आवश्यक संसाधन और उपकरण तैयार रखने को कहा गया है।

शिवरीनारायण में DDRF की टीम तैनात, SDRF से समन्वय

बाढ़ एवं आपदा की संभावित स्थिति से निपटने के लिए DDRF की दो टीमें तैयार रखी गई हैं। इनमें से एक टीम को मोटर बोट और आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ शिवरीनारायण में तैनात किया गया है, जबकि दूसरी टीम को जिला मुख्यालय में रिजर्व रखा गया है।

इसके साथ ही SDRF बिलासपुर से लगातार संपर्क और समन्वय बनाए रखा जा रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

शिवरीनारायण और बसंतपुर बैराज समेत संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण

कलेक्टर-एसपी ने शिवरीनारायण बैराज, घाट, पुल, सांस्कृतिक भवन और बसंतपुर बैराज सहित विभिन्न संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। सुरक्षा के मद्देनजर घाटों और पुलों पर बैरिकेडिंग की गई है और आवश्यक संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

अधिकारियों को नदी के जलस्तर और बहाव पर लगातार निगरानी रखने तथा परिस्थिति के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी पुल या पुलिया पर पानी का बहाव आवागमन के लिए जोखिमपूर्ण होता है, तो तत्काल यातायात नियंत्रित करने और जरूरत पड़ने पर आवागमन पूरी तरह रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

तटीय गांवों में मुनादी, सुरक्षित स्थानों पर व्यवस्था के निर्देश

महानदी के तटीय क्षेत्रों और पूर्व में जलभराव से प्रभावित इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। ग्रामीणों को संभावित जलभराव और जरूरी सावधानियों की जानकारी मुनादी के माध्यम से देने के निर्देश दिए गए हैं।

जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए पूर्व से चिन्हांकित स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने को कहा गया है।

नदी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील

कलेक्टर-एसपी ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी, पुल-पुलियों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं। तेज बहाव वाले पानी के पास सेल्फी या वीडियो बनाने का जोखिम न उठाएं और प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

वर्तमान में जिले में स्थिति सामान्य है। एहतियात के तौर पर महानदी के तटीय क्षेत्रों, पुल-पुलियों और जलस्तर पर प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों को किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम, एसडीएम भावना साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts