रायपुर, 28 सितम्बर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर महानदी के बढ़ते जलस्तर और जांजगीर-चांपा जिले के तटीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने शिवरीनारायण पहुंचकर बैराज, पुल और प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

कलेक्टर-एसपी ने महानदी के जलस्तर और बहाव की स्थिति का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी रखने और स्थिति के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने शिवरीनारायण बैराज, महानदी पुल और तटीय क्षेत्रों के साथ श्री महंत लालदास महाविद्यालय में बनाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। शिविर में प्रभावित लोगों के ठहरने के साथ भोजन, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और शौचालय जैसी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।

महानदी पुल पर आवागमन बंद

महानदी के पुल पर जलप्रवाह बढ़ने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से आवागमन बंद कर दिया गया है। कलेक्टर-एसपी ने पुल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा लोगों को तेज बहाव वाले पानी के पास जाने से रोकने के निर्देश दिए हैं। अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।

प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमें सक्रिय

जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात हैं और नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है। आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता के साथ संभावित बीमारियों और संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी उपाय किए जा रहे हैं।

कलेक्टर-एसपी ने राजस्व, पुलिस, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए मानव संसाधन और आवश्यक संसाधन तैयार रखे गए हैं।

तटीय क्षेत्रों में मुनादी, लोगों से सतर्क रहने की अपील

संवेदनशील और पूर्व में जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से लोगों को सतर्क किया जा रहा है। नागरिकों से नदी, पुल, घाट और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से तेज बहाव के पास सेल्फी या वीडियो बनाने का जोखिम नहीं उठाने और बंद किए गए मार्गों पर जाने का प्रयास नहीं करने को कहा है।

जिला प्रशासन द्वारा महानदी के तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा और राहत को प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ राहत-बचाव कार्यों के लिए मुस्तैद हैं।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका शिवरीनारायण अध्यक्ष राहुल थवाईत, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, एसडीएम शिवरीनारायण भावना साहू, कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts