रायपुर,3 अक्टूबर 2026

संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के विशेष सहयोग से प्रदेश की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था श्री साईंनाथ फाउंडेशन के तत्वावधान में 4 अक्टूबर, रविवार को रायपुर के एक निजी होटल में एक दिवसीय सांस्कृतिक संध्या ‘रंग संगीत’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में कविता, संगीत और साहित्य से जुड़ी विभिन्न प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

फाउंडेशन के अध्यक्ष आशीष राज सिंघानिया ने बताया कि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास एवं संस्कृति व राजभाषा विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम को चार विभिन्न सत्रों में आयोजित किया जाएगा। ‘हुनर के मंच’ में प्रदेश की युवा प्रतिभाओं आरव शुक्ला, निकिता सिंह, राकेश तिवारी, श्रीया चक्रवर्ती, इरफान खान, असित बरनवाल, पंखुड़ी मिश्रा, मिनेश साहू, योगिता साहू, सना तमकीन, दिव्या वर्मा कीर्ति और रिकी बिंदास को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

‘गीत त्रिवेणी’ सत्र में गोपालगंज की कवयित्री सान्या राय, सीतामढ़ी के गीतकार मुरारी मंडल और रायपुर के गीतकार भरत द्विवेदी क्रमशः हिंदी, उर्दू और छत्तीसगढ़ी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे।

इसके बाद सम्मान समारोह में आमंत्रित कलाकारों एवं अतिथियों का सम्मान किया जाएगा। वहीं लोक गायन सत्र में जांजगीर से आने वाले सुप्रसिद्ध युवा गायक नीलेश जोगी एवं उनके साथी लोक संगीत सहित अन्य विधाओं पर आधारित भावपूर्ण प्रस्तुतियां देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts