रायपुर,29 सितंबर 2026
राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। कार शोरूम के पास एक होर्डिंग पोल से गमछे के फंदे में युवक का शव लटका मिला। शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो मौके से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है।
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। फिलहाल मृत युवक की पहचान नहीं हो पाई है। उसकी उम्र करीब 35 वर्ष होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
CCTV फुटेज खंगालेगी पुलिस
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालेगी। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। आत्महत्या या हत्या, इसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का खुलासा हो सकेगा।


