रायपुर,29 सितंबर 2026

महानदी जल विवाद के समाधान को लेकर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच बातचीत अब अहम दौर में पहुंच गई है। जानकारी के मुताबिक 1 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक होने की संभावना है। बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शामिल हो सकते हैं।

इस संबंध में जानकारी ओडिशा के महाधिवक्ता पितांबर आचार्य ने दी है। वहीं, ओडिशा विधानसभा का मौजूदा सत्र समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के रायपुर आने और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात करने की भी संभावना है।

सीएम साय पहले कर चुके हैं सीएम माझी से मुलाकात

इससे पहले 20 सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की थी। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच आपसी सहयोग, विकास, जनकल्याण और दोनों राज्यों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई थी।

महानदी जल विवाद को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा था कि लंबे समय से चले आ रहे इस विषय के समाधान की दिशा में सकारात्मक वातावरण बना है। उन्होंने कहा था कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार है और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार है।

मुख्यमंत्री साय ने उम्मीद जताई थी कि केंद्र सरकार के सहयोग और दोनों राज्यों की सकारात्मक पहल से महानदी जल विवाद का जल्द समाधान निकल सकता है।

लंबे समय से चला आ रहा है विवाद

महानदी के जल बंटवारे को लेकर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। अब दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की संभावित बैठक और केंद्र की मध्यस्थता के बीच इस मुद्दे पर आगे की बातचीत को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts