रायपुर,29 सितंबर 2026

राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी के दौरान देर रात बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। शारदा चौक से महादेवघाट तक निकली झांकियों को देखने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों से लोग पहुंचे। जयस्तंभ चौक और आसपास के क्षेत्रों में भी देर रात तक भारी भीड़ रही।

झांकियों में अलग-अलग धार्मिक कथाओं और प्रसंगों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया। एक झांकी में वासुकी नाग और गरुड़ के बीच युद्ध, दूसरी में यमलोक में रावण के हमले और एक अन्य झांकी में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गरुड़ का घमंड तोड़ने की थीम दिखाई गई।

भारी भीड़ के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। झांकी मार्ग पर कई जगह रास्ता संकरा होने से एक एंबुलेंस भी भीड़ में फंस गई। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने लोगों को हटाकर एंबुलेंस के लिए रास्ता बनाया। वहीं, दुर्ग से झांकी देखने पहुंची एक महिला भी भीड़ के बीच अपने परिवार से बिछड़ गई, जिसे पुलिस सहायता केंद्र की टीम ने परिवार से मिलाने में मदद की।

इसी दौरान एमजी रोड इलाके में मंजू ममता रेस्टोरेंट के पास तेज डीजे और धुमाल के वाइब्रेशन से एक दुकान की छत का छज्जा गिर गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

झांकी मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सभी तरह के वाहनों की एंट्री बंद रखी गई थी। पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीमें पूरे मार्ग पर तैनात रहीं। निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया गया। डीजे और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर भी नियम निर्धारित किए गए थे।

इसके अलावा तेलघानी नाका से शारदा चौक तक पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी संख्या में कच्ची और देशी शराब की बोतलें जब्त किए जाने की जानकारी है। झांकी मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रातभर सक्रिय रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts